अररिया : भरगामा प्रखंड क्षेत्र के तोनहा, बैजूपट्टी और थरुवा पंचायतों को जोड़ने वाला करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित मुख्य पुल उद्घाटन के महज एक वर्ष के भीतर ही बदहाल स्थिति में पहुंच गया है. पुल के दोनों छोर पर गहरे रेन कट बनने से अप्रोच पथ तेजी से कटाव की चपेट में आ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो अप्रोच पथ पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है, जिससे पुल पर आवागमन भी बाधित होने की आशंका है.
हाल की बारिश के बाद पुल के दोनों किनारों की मिट्टी बह गई है. अप्रोच पथ के नीचे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क का हिस्सा कई स्थानों पर हवा में लटका दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के शुरुआती हिस्से का किनारा भी टूट चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल तीनों पंचायतों के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है. प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, मरीज और छोटे-बड़े वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं. यदि अप्रोच पथ ध्वस्त हो गया तो लोगों को लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा.
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल के दोनों छोर पर पर्याप्त कटावरोधी और सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया. उनका आरोप है कि इसी कारण पहली ही बारिश में अप्रोच पथ क्षतिग्रस्त हो गया.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त अप्रोच पथ की मरम्मत कराने तथा कटाव रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है. साथ ही, मरम्मत कार्य पूरा होने तक दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाने की भी मांग की है.
