हमारा उद्देश्य संवाद है, टकराव नहीं. बंद मजबूरी है, विकल्प नहीं : अध्यक्ष अररिया. अखिल भारतीय केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स संगठन के आह्वान पर अररिया केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने आगामी 20 मई को एक दिवसीय बंदी का ऐलान किया है. जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 19 मई की रात्रि 12 बजे से 20 मई की रात्रि 12 बजे तक जिले की सभी दवा दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी. संगठन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही समय व उचित मूल्य पर सही दवाएं उपलब्ध कराना है. ई-फार्मेसी में बिना सत्यापन के दवा बिक्री, फर्जी पर्चे, एंटीबायोटिक व नशीली दवाओं की आसान उपलब्धता व एएमआर के बढ़ते खतरे पर गंभीर चिंता जतायी गयी है. बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा डीपीसीओ-एनपीपीए के निर्धारित मार्जिन से अधिक भारी छूट देकर प्रीडेटरी प्राइसिंग की जा रही है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे केमिस्टों का अस्तित्व खतरे में है व अवैध व्यापार बढ़ने की आशंका है. संगठन ने सरकार से जीएसआर 817(ई) दिनांक 28 अगस्त 2018 व जीएसआर 220 (ई) दिनांक 26 मार्च 2020 की जारी अधिसूचना तत्काल वापस लेने, प्रीडेटरी प्राइसिंग पर जांच कर सख्त नीति बनाने, अवैध ई-फार्मेसी बंद करने व सभी केमिस्टों की आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षित करने की मांग की है. संगठन के अध्यक्ष वजैर अहमद ने कहा, हमारा उद्देश्य संवाद है, टकराव नहीं. बंद मजबूरी है, विकल्प नहीं. बंद के आह्वान में सेक्रेटरी राकेश रंजन वर्मा, अंदलीब सबा, रंजीत आर्य, अमर कुमार, रितेश कुमार, मनोज बरड़िया, सब्बीरुल हक, पप्पू मीर, सोनू, इम्तियाज अनीश, पवन वर्मा सहित अन्य शामिल हैं.
नकली दवाओं पर रोक को लेकर अररिया के केमिस्ट करेंगे 20 को हड़ताल
ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे केमिस्टों का अस्तित्व खतरे में
