पुलिस अधिकारी व चौकीदार से दुर्व्यवहार के आरोप में कार सवार युवक गिरफ्तार

अररिया में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी और चौकीदार के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रतिनिधि, अररिया जिले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज व धमकी देने का मामला सामने आया है. मामले में नगर थाना में एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुर्साकांटा थाना में पदस्थापित अवर निरीक्षक स्वीटी कुमारी सोमवार को थाना कांड संख्या 108/26 के सिलसिले में चालक नवल कुमार मंडल व दो चौकीदारों चंद्रकांत ततमा व अशोक धरकार के साथ अररिया न्यायालय गई थीं. कोर्ट का काम निपटाकर जब सभी थाना वापस लौट रहे थे, तभी काली मंदिर से आगे एक नवनिर्मित मॉल के पास एक लाल रंग की मारुति सुजुकी कार बीआर 11 बीवाई 7885 की एक बाइक से टक्कर हो गयी. इस दौरान पुलिसकर्मी की कार ठीक उनके पीछे थी. टक्कर के बाद कार सवार व्यक्ति गाड़ी से उतरा व उल्टे पुलिस टीम को बीच सड़क पर ही गंदी-गंदी गालियां देने लगा. पुअनि स्वीटी कुमारी के अनुसार, जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मां-बहन की गालियां दीं. धमकी देते हुए कहा, तुम्हारी वर्दी उतरवा दूंगा. वहीं चालक को भी गाली-गलौच की. घटना से असहज महसूस करने के बाद दारोगा स्वीटी कुमारी पूरी टीम के साथ नगर थाना पहुंचीं व लिखित शिकायत दी. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची व आरोपी को ढूंढकर हिरासत में ले लिया. पूछताछ में आरोपी की पहचान सिकटी थाना क्षेत्र के पड़रिया निवासी सोहेल हुसैन (25) पिता अब्दुल रहमान के रूप में है. नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. नगर थानाध्यक्ष ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rahul singh

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >