बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BUDCO) के माध्यम से अररिया जिले में संचालित बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर समाहरनालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिलाधिकारी (DM) विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर व नगर निकायों में चल रही विभिन्न निर्माण योजनाओं की योजनावार समीक्षा की गई. डीएम ने कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने की हिदायत दी.
समय-सीमा और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बुडको के कार्यपालक अभियंता तथा जिले के सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों से चालू व लंबित योजनाओं की अद्यतन भौतिक प्रगति रिपोर्ट मांगी. डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं को केवल पूरा करना ही काफी नहीं है, बल्कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाना अनिवार्य है. उन्होंने कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण में निर्धारित उच्च मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
फील्ड में जाकर नियमित निरीक्षण करने के आदेश
डीएम विनोद दूहन ने अधिकारियों को सिर्फ दफ्तरी रिपोर्टिंग पर निर्भर न रहकर नियमित रूप से निर्माण स्थलों (साइट्स) का भौतिक निरीक्षण करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान जो भी तकनीकी, भूमि संबंधी या प्रशासनिक अड़चनें सामने आएं, उनका त्वरित समाधान निकाला जाए ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो.
जनसुविधाओं के लिए आपसी समन्वय से काम करने की अपील
समीक्षा बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि बुडको की इन शहरी विकास योजनाओं का सीधा उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया.
