अररिया से मृगेंद्र मणि सिंह की रिपोर्ट:
अररिया. विकसित भारत–समृद्ध बिहार अभियान के तहत मंगलवार को फारबिसगंज प्रखंड के डाक हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य राजमार्ग (एसएच) पर चलने वाले निजी वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा, जबकि व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों पर टोल टैक्स लागू रहेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर भ्रम फैलाया जा रहा है, इसलिए सरकार की स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि निजी उपयोग के लिए चलने वाले वाहनों पर किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लगेगा.
30 दिनों में सुनवाई नहीं तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
सम्राट चौधरी ने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से अब तक 4 लाख 53 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से सवा चार लाख से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा चुका है. लंबित मामलों पर कार्रवाई जारी है. उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन पर 30 दिनों के भीतर सुनवाई नहीं होती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ मुख्यमंत्री कार्यालय से नोटिस जारी होगा और निर्धारित प्रक्रिया के बाद निलंबन तक की कार्रवाई की जाएगी.
15 जुलाई से 213 प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए 15 जुलाई से बिहार के 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने जा रही है. साथ ही मॉडल स्कूल और हाई स्कूलों में प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को बाहर नहीं जाना पड़े.
पंचायतों से चलेगी विकास की सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विकास की सरकार गांवों से चलेगी. राज्य की सभी पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को "पंचायत विकास दिवस" मनाया जाएगा, जिसमें स्थानीय विकास योजनाओं की समीक्षा और नई योजनाओं पर चर्चा होगी.
नेपाल सीमा की सुरक्षा से समझौता नहीं
उन्होंने कहा कि बिहार की 735 किलोमीटर लंबी सीमा नेपाल से जुड़ी है. इसकी सुरक्षा के लिए 70 थाना और एसएसबी के 194 बीओपी सक्रिय हैं. सरकार सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
अवैध हुआ तो बंद होगी मांस फैक्ट्री
सिमराहा स्थित मांस फैक्ट्री को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि फैक्ट्री अवैध पाई जाती है या प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करती है तो जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे बंद कराया जाएगा.
इसी वर्ष एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेज का होगा शिलान्यास
सम्राट चौधरी ने कहा कि फारबिसगंज एयरपोर्ट के लिए भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही उसका शिलान्यास किया जाएगा. साथ ही इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज का भी शिलान्यास करने की घोषणा की.
सोलर प्लांट लगाकर कमाने का दिया सुझाव
उन्होंने कहा कि राज्य में 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है. यदि कोई उपभोक्ता सोलर प्लांट लगाकर अतिरिक्त बिजली उत्पादन करता है तो सरकार उस बिजली की खरीद कर भुगतान भी करेगी.
गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई अधिकारी गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जवाबदेही की पूरी व्यवस्था तय कर दी गई है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
विकास योजनाओं की प्रगति का भी किया उल्लेख
उन्होंने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. बैरगाछी-सिकटी सड़क परियोजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. साहेबगंज-सुकेला सड़क तथा फारबिसगंज रेलवे ओवरब्रिज का भी करीब 40 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो गया है. कोसी-मेची लिंक परियोजना से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी. साथ ही गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे भी अररिया होकर गुजरेगा.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बंदोबस्ती पर्चा, आयुष्मान कार्ड, आवास योजना की चाबी तथा विवाह प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए.
अररिया में लगभग 650 पुलों का हुआ है निर्माण : सांसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार का विकास हो रहा है. बिहार में सबसे ज्यादा पुल बने हैं, इसमें लगभग 650 पुल अररिया में बने हैं जो बिहार में सर्वाधिक है. 1000 किमी से अधिक पीएम व सीएम सड़कों का निर्माण हुआ है. सांसद ने 10 नंबर पलटनिया रोड व कजरा धार में बांध निर्माण की मांग भी की. फारबिसगंज में स्ट्राॅच फैक्ट्री को शुरू करने की मांग की.
सहयोग शिविर में ये भी रहें मौजूद
इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार, विधायक विजय कुमार मंडल, विधायक मनोज विश्वास, विधायक मुर्शीद आलम, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम उर्फ पप्पू अजीम सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन प्राप्त किए. शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाना है.
और पढ़ें :बिहार में हर घर से 1200 रुपये टैक्स वसूली का दावा बेबुनियाद, सीएम सम्राट चौधरी ने कर दिया साफ
