Araria News: अररिया जिले के भरगामा प्रखंड मुख्यालय परिसर की सबसे महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से बदहाल पड़ी है. ब्लॉक गेट से लेकर एसएफसी गोदाम तक करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है. यही रास्ता प्रतिदिन अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्राओं, बैंक ग्राहकों और सैकड़ों ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य मार्ग है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक कार्यालयों के ठीक सामने सड़क की ऐसी स्थिति विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर बयां कर रही है.
बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है. दोपहिया वाहन चालकों, पैदल चलने वालों और भारी वाहनों के लिए यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
ब्लॉक गेट से एसएफसी गोदाम तक सड़क पूरी तरह जर्जर
ब्लॉक चौक से शिव मंदिर, डाटा सेंटर, मनरेगा कार्यालय होते हुए एसएफसी गोदाम तक जाने वाली यह सड़क भरगामा प्रखंड मुख्यालय की प्रमुख संपर्क सड़क मानी जाती है.
इसी मार्ग पर थाना, भारतीय स्टेट बैंक की शाखा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और एसएफसी अनाज गोदाम सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान स्थित हैं.
अधिकारियों और ग्रामीणों का यही मुख्य रास्ता
प्रतिदिन प्रखंड के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और 20 पंचायतों से आने वाले ग्रामीण इसी सड़क का उपयोग करते हैं.
सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य, बैंकिंग सेवाएं, शिक्षा और प्रशासनिक गतिविधियां इसी मार्ग पर निर्भर हैं. इसके बावजूद सड़क की स्थिति लंबे समय से उपेक्षित बनी हुई है.
भारी वाहनों के कारण बढ़ा दबाव
स्थानीय लोगों के अनुसार, एसएफसी गोदाम में खाद्यान्न आपूर्ति के लिए प्रतिदिन छह चक्का और दस चक्का ट्रकों का परिचालन होता है.
भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क पर दबाव बढ़ा है और कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है. सबसे अधिक खराब स्थिति एसएफसी गोदाम के समीप देखी जा रही है.
गड्ढों और कटिंग से बढ़ा दुर्घटना का खतरा
ब्लॉक गेट के पास सड़क के बीचों-बीच बनी कटिंग में भारी वाहन अक्सर फंस जाते हैं.
शिव मंदिर के समीप सहित कई अन्य हिस्सों में सड़क पर बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने उठाए निर्माण कार्य पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय के सौंदर्यीकरण और सड़क निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे.
लेकिन सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी नहीं भरने के कारण किनारे कट गए और सड़क समय से पहले ही टूट गई. लोगों का आरोप है कि निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव दोनों पर गंभीर सवाल उठते हैं.
Araria News: प्रशासन ने जल्द मरम्मत का दिया भरोसा
स्थानीय युवा नेता आशीष कुमार, विजय कुमार शर्मा, संतोष राम, बैजू मंडल, अमर चौहान और आशीष सिंह सोलंकी ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव कुमार राय ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति की जानकारी प्रशासन को है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द मरम्मत का कार्य कराया जाएगा.
Also Read: TRE-4 के लिए BPSC को भेजा गया प्रस्ताव हुआ वापस, क्या अब होगा आंदोलन? शोभा अहोतकर से लगाई उम्मीद
