भरगामा (अररिया) से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट ARARIA NEWS :
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के सिरसिया कला पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-5 ब्राह्मण टोला स्थित ग्राम देवता श्री राम ठक्कूर बाबा स्थान इन दिनों न केवल ग्रामीणों की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है.बल्कि यह स्थल ज्ञान, संस्कार व सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनता जा रहा है. मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की हर मुराद पूरी होती है व बाबा की कृपा से जीवन में सफलता, सुख-समृद्धि व ज्ञान का मार्ग प्रशस्त होता है. ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम देवता श्री राम ठक्कूर बाबा के आशीर्वाद से गांव के दर्जनों युवक-युवतियां आज जिले, प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश में भी अच्छे पदों पर कार्यरत हैं.यही कारण है कि गांव से बाहर रहने वाले लोग भी हर वर्ष बैशाख मास के शुक्ल पक्ष में आयोजित होने वाली वार्षिक पूजा में शामिल होने के लिए अपने गांव लौटते हैं.वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भव्य वार्षिक पूजन
श्री राम ठक्कूर बाबा स्थान पर आयोजित दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव मंगलवार को विधिवत आरंभ हुआ, जिसका समापन बुधवार को हुआ. इस दौरान विद्वान पंडितों द्वारा सभी ग्रामीण परिवारों के नाम से संकल्प लेकर सवा लाख पार्थिव महादेव पूजन व नौ आवृत्ति दुर्गा पाठ कराया गया. पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, घंटा-घड़ियाल व शंखध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
पूजा-अर्चना के उपरांत परंपरा के अनुसार 108 कुंवारी कन्याओं व 108 ब्राह्मणों को आदरपूर्वक खीर भोजन कराया गया.वहीं उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया. ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से अपने परिवार, समाज, जिला व समस्त देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि व मंगलकामना के लिए ग्राम देवता के समक्ष प्रार्थना की.