आइजी ने फारबिसगंज एसडीपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण फारबिसगंज. पूर्णिया प्रक्षेत्र के आइजी विवेकानंद ने शनिवार को फारबिसगंज एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया. एसडीपीओ कार्यालय में मौजूद कनीय पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस बलों ने आइजी के पहुंचने पर सर्वप्रथम उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. गार्ड ऑफ ऑनर के बाद आइजी सीधे एसडीपीओ के कार्यालय कक्ष में पहुंचे व एसडीपीओ के कार्यालय का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों का अवलोकन किया. आइजी ने एसडीपीओ कार्यालय के अपराध अनुक्रमणी पंजी, विशेष प्रतिवेदित कांड पंजी, विशेष प्रतिवेदित पंजी सहित अन्य अभिलेखों का बड़े ही बारीकी से निरीक्षण किया. आइजी ने एसडीपीओ के कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अनुमंडल क्षेत्र के महत्वपूर्ण लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए लंबित कांडों का त्वरित गति से निष्पादन करने, कांडों में फरार चल रहे वारंटियों, अभियुक्तों को अभियान चला कर गिरफ्तार करने, प्रतिवेदित कांडों में पर्यवेक्षण टिप्पणी देने, पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन करने व विधि व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था सहित अपराध नियंत्रण सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिये. निरीक्षण के बाद आईजी विवेकानंद ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए व जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फारबिसगंज के कार्यालय का निरीक्षण प्रस्तावित था. इसी के तहत आज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय का उनके द्वारा निरीक्षण किया गया है. अपराध नियंत्रण, अनुसंधान नियंत्रण व कार्यालय के के अभिलेख के रख रखाव को देखा गया है. आईजी ने कहा कि नशे का कारोबार आज पुलिस के लिए चुनौती बन गया है इसका प्रयोग अब धीरे-धीरे गांव तक फैल गया है. आईजी ने कहा कि इसी दृष्टिगत पूर्णिया रेंज में अररिया जिला सहित रेंज के अन्य जिला में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्णिया जिला में पिछले 06 माह में 8 किलो स्मैक बरामद की गई है. साथ ही अररिया जिला में बड़ी मात्रा में गांजा लगभग तीन हजार किलो व भारी मात्रा में स्मैक बरामद की गई है. उन्होंने कहा कि नशे के कारोबारी अब किसी भी सूरत में नहीं बख्शे जाएंगे. मौके पर एसपी जितेंद्र कुमार, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर धन प्रसाद, रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर बीके सिंह, भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती सहित अन्य थाना के थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मी मौजूद थे.
फरार वारंटियों को करें गिरफ्तार : आइजी
लंबित कांडों का करें त्वरित निष्पादन
