अररिया. जिले के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, आवश्यक एक्स-रे और हड्डी संबंधी उपचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर सीमांचल युवा जागरण मोर्चा ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है. मोर्चा ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर इन सुविधाओं को जल्द बहाल कराने की मांग की है.
मोर्चा ने अस्पताल की व्यवस्था पर जताई नाराजगी
मोर्चा के अध्यक्ष गगन कुमार झा ने पत्र में कहा है कि सदर अस्पताल को मॉडर्न अस्पताल के रूप में विकसित करने का दावा किया गया है, लेकिन आम मरीजों को बुनियादी जांच और उपचार की सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं. उन्होंने कहा कि सामान्य मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड सेवा कई वर्षों से बंद है, जिससे मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर अधिक खर्च करना पड़ रहा है.
एक्स-रे और हड्डी उपचार की सुविधा पर भी सवाल
पत्र में कहा गया है कि अस्पताल में आवश्यक एक्स-रे मशीनों का अभाव है. विशेष रूप से मुंह और दांत संबंधी एक्स-रे मशीन उपलब्ध नहीं होने से दंत चिकित्सकों को इलाज में परेशानी हो रही है. वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ सप्ताह में केवल दो दिन आते हैं और प्लास्टर की सुविधा नहीं होने के कारण फ्रैक्चर के मरीजों को निजी अस्पतालों या पूर्णिया रेफर किया जाता है.
स्वास्थ्य मंत्रालय को भी भेजी शिकायत
गगन कुमार झा ने जिला पदाधिकारी से सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और हड्डी जोड़ने की सुविधाएं शीघ्र शुरू कराने की मांग की है. उन्होंने बताया कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराते हुए स्वास्थ्य विभाग, पटना को भी ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी गई है.
अस्पताल प्रबंधन ने दी सफाई
सदर अस्पताल के हॉस्पिटल मैनेजर विकास कुमार ने कहा कि पत्र में लगाए गए सभी आरोप सही नहीं हैं. उन्होंने बताया कि मशीनरी उपकरण समय-समय पर खराब हो सकते हैं. एक्स-रे मशीन शनिवार को खराब हुई थी, जिसे तकनीशियन ने ठीक कर दिया है. पिछले महीने सीटी स्कैन मशीन भी कुछ दिनों तक खराब रही थी, जिसे बाद में दुरुस्त कर लिया गया.
रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से सामान्य मरीजों का अल्ट्रासाउंड प्रभावित
हॉस्पिटल मैनेजर ने बताया कि अस्पताल में फिलहाल रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण सामान्य मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध नहीं है. हालांकि गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड नियमित रूप से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हड्डी रोग विशेषज्ञ प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को पूर्णिया से आकर सेवा देते हैं. 24 घंटे विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने के कारण प्लास्टर की सुविधा फिलहाल नहीं है, लेकिन सरकार की योजना के अनुसार अगले माह से यह सुविधा भी शुरू होने की संभावना है.
ALSO READ :अररिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, मोबाइल लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
