अररिया. शहर के जीरो माइल के समीप सोमवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक जीरो माइल में गैरेज मिस्त्री का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही पूर्वी गांव निवासी मो. सलामत के पुत्र मो. खुर्शीद (20) के रूप में हुई है.
सुबह बाइक से जिम जाने के लिए निकला था खुर्शीद
परिजनों के अनुसार मो. खुर्शीद रोज की तरह सोमवार की सुबह करीब छह बजे बाइक से जिम जाने के लिए घर से निकला था. जीरो माइल के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि खुर्शीद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी.
लोगों ने पहुंचाया सदर अस्पताल, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों ने घायल खुर्शीद को तत्काल उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजन सदर अस्पताल पहुंच गये.
कंटेनर और फरार चालक की तलाश में पुलिस
अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना यातायात थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की.
पुलिस दुर्घटना में शामिल कंटेनर और उसके फरार चालक की तलाश कर रही है. हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है.
मुखिया प्रतिनिधि ने परिवार से मिलकर जताया दुख
घटना की जानकारी मिलने पर औराही पूर्वी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि छविलाल राम भी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की.
इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि खुर्शीद मेहनती युवक था और जीरो माइल स्थित एक गैरेज में काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. उसकी असमय मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ गहरा दुख खड़ा हो गया है. युवक की मौत से गांव और परिवार में शोक का माहौल है.
