राजा पोखर हत्याकांड का खुलासा, शादी के दबाव में महिला की हत्या का आरोप

अररिया के राजा पोखर में महिला की हत्या का पर्दाफाश हो गया है. प्रेम संबंधों में आई कड़वाहट और शादी के दबाव ने एक राजमिस्त्री को हत्यारा बना दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिए हैं.

Raja Pokhar Murder Case Araria: अररिया के आरएस थाना क्षेत्र के चर्चित राजा पोखर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, महिला और आरोपित राजमिस्त्री के बीच पिछले करीब डेढ़ से दो साल से संबंध थे. पिछले दो महीने से महिला आरोपित पर शादी का दबाव बना रही थी. पुलिस का दावा है कि इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए आरोपित ने महिला को सुनसान जगह पर बुलाकर चाकू से हमला किया और उसकी हत्या कर दी.

पुलिस ने मामले में बौसी थाना क्षेत्र के मजुआ वार्ड संख्या 14 निवासी परमानंद पासवान उर्फ पहाड़ी (45) को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, बाइक, मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गये खून सने कपड़े बरामद किये गये हैं. पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का उद्भेदन करने की बात कही है.

12 सितंबर को राजा पोखर के पास मिला था महिला का शव

घटना का खुलासा 12 सितंबर को हुआ था. रजोखर-मजकुरी रोड स्थित राजा पोखर बड़ी नहर के समीप सहनी टोला वार्ड संख्या चार निवासी फूलकुमारी देवी का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला था. इसके बाद मृतका के पति विजय सहनी के फर्द बयान पर आरएस थाना कांड संख्या 218/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

शुरुआती जांच में पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया और महिला के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी खंगाली. इससे पहले घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाये थे.

कॉल डिटेल और सीसीटीवी से आरोपित तक पहुंची पुलिस

एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल की लास्ट लोकेशन, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की जांच की.

इसी क्रम में पुलिस ने परमानंद पासवान उर्फ पहाड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.

मजदूरी के दौरान दोनों के बीच बने थे संबंध

पुलिस के अनुसार, परमानंद पासवान राजमिस्त्री का काम करता है और फूलकुमारी उसके साथ मजदूरी करती थी. इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने. पुलिस का दावा है कि करीब डेढ़ से दो वर्षों से दोनों के बीच संबंध थे.

पिछले करीब दो महीने से महिला आरोपित पर शादी के लिए दबाव बना रही थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने इसी दबाव से बचने के लिए 11 सितंबर की शाम महिला को राजा पोखर के सुनसान इलाके में बुलाया. वहां उसने चाकू से महिला के सीने और कान पर वार किया. इसके बाद शव को नहर किनारे छोड़कर फरार हो गया.

हालांकि, हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम और आरोपित की स्वीकारोक्ति से जुड़े तथ्यों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी.

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के अनुसार, आरोपित की निशानदेही पर खून लगा चाकू, घटना में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल फोन और खून सने कपड़े बरामद किये गये हैं. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटा लिये गये हैं.

गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस मामले को स्पीडी ट्रायल में ले जाने के लिए आरोप पत्र जल्द समर्पित करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है.

Raja Pokhar Murder Case Araria: विशेष टीम ने की कार्रवाई

हत्याकांड के उद्भेदन में आरएस थानाध्यक्ष पुअनि अंकुर, पुअनि त्रिपुरारी कुमार, पुअनि अखिलेश कुमार, परि पुअनि सौदागर कुमार, ओम प्रकाश शर्मा, सिपाही सूरज, मोनू, चंदन, चौकीदार तनवीर आलम, विशुणदेव पासवान और डीआईयू अररिया की टीम शामिल रही.

Also Read: JDU के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे अनंत सिंह, एक मंच पर दिखे नीतीश-निशांत, चल रही है बैठक

Also Read: पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया जा रहा परिसर, सर्च ऑपरेशन शुरू

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >