अररिया जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध होने जा रहा है. जिला नियोजनालय एवं संयुक्त श्रम भवन, अररिया परिसर में 30 जुलाई को सुबह 10:30 बजे से एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा. इस कैंप में स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, पूर्णिया की ओर से फील्ड वर्क के 60 पदों पर भर्ती की जाएगी.
10वीं-12वीं पास युवा ले सकेंगे भाग
जिला नियोजनालय के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे. फील्ड वर्क पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयनित उम्मीदवारों को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा.
ये दस्तावेज साथ लाना होगा
इच्छुक अभ्यर्थियों को जॉब कैंप में आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, नियोजनालय निबंधन प्रमाण-पत्र तथा सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति साथ लानी होगी. नियोजनालय ने बताया कि इससे चयन प्रक्रिया सुगम होगी. अभ्यर्थियों को यात्रा व्यय देय नहीं होगा.
पूरी तरह निःशुल्क है जॉब कैंप
जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह रोजगार कैंप पूरी तरह निःशुल्क है. इसमें भाग लेने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क या अन्य शुल्क नहीं लिया जाएगा. युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को पैसे नहीं देने की अपील की गई है.
उन्होंने बताया कि जिला नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका निभा रहा है. नियुक्ति, सेवा शर्तें और रोजगार से जुड़े अंतिम निर्णय संबंधित निजी कंपनी द्वारा लिए जाएंगे. जिला प्रशासन ने योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
