भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच समन्वय और मैत्रीपूर्ण संबंध बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को बाह्य सीमा चौकी सिकटी में समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीमा पर तस्करी, अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और सीमा अपराधों की रोकथाम पर चर्चा हुई. बैठक के बाद दोनों सुरक्षा बलों ने संयुक्त गश्ती की. वहीं भाईचारा बढ़ाने के लिए आयोजित मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच में नेपाल एपीएफ की टीम विजेता रही.
एसएसबी और नेपाल एपीएफ अधिकारियों ने की सुरक्षा पर चर्चा
बैठक की अध्यक्षता 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, अररिया के कमांडेंट मितुल कुमार ने की. इसमें नेपाल एपीएफ की तृतीय वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया.
तस्करी और सीमा अपराध रोकने पर जोर
बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर होने वाली तस्करी, अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और सीमा अपराधों की रोकथाम को लेकर चर्चा की गई. दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर एक-दूसरे के साथ साझा करने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया.
संयुक्त गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बैठक के बाद एसएसबी और नेपाल एपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में गश्ती की. इस दौरान सीमा की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने सीमा पर अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सतर्कता और प्रभावी निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया.
भाईचारा बढ़ाने के लिए खेला मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच
सुरक्षा समन्वय के साथ दोनों देशों के जवानों के बीच आपसी विश्वास और भाईचारा बढ़ाने के लिए मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया. पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ खेले गए मुकाबले में नेपाल एपीएफ की टीम विजेता रही.
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की खेल गतिविधियों से दोनों सुरक्षा बलों के जवानों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और भाईचारा मजबूत होता है.
सीमा सुरक्षा साझा जिम्मेदारी: कमांडेंट
कमांडेंट मितुल कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है. दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच नियमित संयुक्त गश्ती, समन्वय बैठक और आपसी संवाद के माध्यम से सीमा पर उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा गतिविधियों के साथ खेल और सामाजिक गतिविधियां भी जवानों के बीच सद्भाव और विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
कई अधिकारी और जवान रहे मौजूद
एसएसबी की ओर से उप कमांडेंट विनोद मीणा, सहायक कमांडेंट कृष्ण कुमार, सहायक कमांडेंट कृष्णा कुमार मीणा तथा नेपाल एपीएफ की ओर से एसपी एपीएफ नेपाल गहेंद्र बहादुर भंडारी, डीएसपी विकास विजय, निरीक्षक टीकाराम माला सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे.
