जुगाड़ गाड़ी और सीएनजी ऑटो की टक्कर में महिला की मौत, छह घायल

सदर प्रखंड के बेलवा पंचायत से रानीगंज प्रखंड लौटते समय गैयारी नहर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ. सीएनजी ऑटो और जुगाड़ गाड़ी की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं. परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है.

अररिया : जिले में मंगलवार की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला समेत छह लोग घायल हो गए. हादसा सदर प्रखंड के बेलवा पंचायत से रानीगंज प्रखंड के बौसी थाना क्षेत्र लौटने के दौरान गैयारी नहर के पास हुआ. मृतका की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी रीना देवी (35), पति रविंद्र शर्मा, के रूप में हुई है.

मायके से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रीना देवी अपनी गौतनी कारी देवी (40) और ससुर के साथ बेलवा स्थित मायके से सीएनजी ऑटो से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान गैयारी नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित जुगाड़ गाड़ी ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए.

एक की मौत, छह लोग घायल

हादसे में ऑटो में सवार करीब छह लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने रीना देवी की हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. कारी देवी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि भर्ती के बाद करीब एक घंटे तक इलाज चला, फिर चिकित्सकों ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी. परिजनों का आरोप है कि सीटी स्कैन के लिए 4200 रुपये मांगे गए. आर्थिक तंगी के कारण राशि जुटाने में देर हुई और इसी बीच रीना देवी ने दम तोड़ दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

सदर अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना ओडी स्लिप के माध्यम से यातायात थाना पुलिस को दे दी है. समाचार लिखे जाने तक शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा गया था. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुटी है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जुगाड़ गाड़ियों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर रोक लगाने की मांग की है.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >