डूडा की शेष राशि होगी खर्च
गली-नाली योजना . प्रधानसचिव ने डीएम को राशि हस्तांतरण का दिया निर्देश
नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव ने डूडा के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी को पत्र भेज कर शहरी गली-नाली योजना पर डूडा की बची शेष राशि को खर्च करने का निर्देश दिया है.
अररिया : जिला शहरी विकास अभिकरण के पास बची वैसी राशि जिससे किसी भी प्रकार की योजनाओं पर काम नहीं हो रहा है उस राशि को मुख्यमंत्री के निश्चय योजना में शामिल शहरी नाली गली योजना में खर्च की जानी है. लेकिन निर्धारित तिथि के बीत जाने के बाद भी डूडा द्वारा राशि का हस्तांतरण जिले के किसी भी नगर निकाय को नहीं किया जा सका है. इस मामले को लेकर नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद द्वारा ज्ञापांक 7867 दिनांक 25 अक्तूबर को निर्गत कर जिला पदाधिकारी सह जिला शहरी विकास अभिकरण के अध्यक्ष को निर्देश दिया गया है.
दिये गये निर्देश में कहा गया है कि नाली व सड़क निर्माण से संबंधित जिला स्तरीय संचालन समिति द्वारा स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उन योजनाओं की राशि को संबंधित नगर निकायों को बुक ट्रांसफर करना है. इस पत्र में नगर निकाय द्वारा स्वीकृत योजनाओं का कार्यान्वयन प्राप्त राशि से कराये जाने का निर्देश दिया गया है. विभागीय प्रसंगाधीन पत्र एवं शुद्धि पत्र द्वारा नगर निकायों को राशि के हस्थांतरण की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर 2016 निर्धारित की गयी थी.
डूडा के पास बचा साढ़े चार करोड़
मुख्यमंत्री के सात निश्चय में शामिल मुख्यमंत्री शहरी नाली गली पक्कीकरण निश्चय योजना के कार्य को संचालित करने के लिए जिला शहरी विकास अभिकरण के पास मौजूद राशि का हस्तांतरण जिले के तीनों नगर निकायों को करना है. जानकारी अनुसार जिला शहरी विकास अभिकरण के पास वित्तीय वर्ष 2008 से लेकर वित्तीय वर्ष 2015-16 तक लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि बची हुई है. हालांकि प्रधान सचिव के आदेश पत्र में यह कहा गया है कि जिन योजनाओं की निविदा को निस्तारित कर कार्यादेश निर्गत किया जा चुका है. वैसी योजनाओं का कार्यान्वयन कर जिला शहरी अभिकरण के स्तर से संवेदक को भुगतान कर दिया जाये. इसके बाद बची शेष राशि को जिले के तीनों नगर निकायों को हस्तातंरित करने का आदेश दिया गया है.
नगर निकाय को हस्तांतरण करनी है राशि
पहले से पारित टेंडर का काम डूडा द्वारा पूरा करा कर संवेदक को राशि का भुगतान करना है. उसके बाद शेष बची राशि का हस्तांतरण नगर निकाय को किया जाना है. डूडा की राशि डीएम के नाम पर ही आता है. इसलिए राशि हस्तांतरण किये जाने की जिम्मेवारी उनके स्तर पर ही किया जायेगा.
अनिल कुमार, सहायक अभियंता, डूडा
