कार्रवाई . एसएसबी व कुआड़ी पुलिस ने की छापेमारी
कुआड़ी बाजार में सतसंग मंदिर के समीप एक घर में पुलिस ने गुप्त सूचना पर दस किलो गांजा बरामद किया. गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाचार में दो लाख रुपये बतायी जाती है.
कुर्साकांटा (अररिया) : कुआड़ी बाजार स्थित सत्संग मंदिर के समीप एक घर से गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की देर रात एसएसबी व कुआड़ी ओपी पुलिस की संयुक्त छापेमारी में दस किलो गांजा बरामद किया गया, जबकि तस्कर भागने में सफल रहा.
बरामद गांजा मामले में एसएसबी 28वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट अवनीश यादव के आवेदन पर कुआड़ी ओपी में कांड संख्या 166/16 दर्ज किया गया. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार एसएसबी के सहायक कमांडेंट अवनीश यादव ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि कुआड़ी स्थित सत्संग मंदिर के निकट एक व्यक्ति के घर में गांजा का अवैध कारोबार चल रहा है.
सूचना पर की गयी कार्रवाई पर राम प्रसाद साह पिता चुल्हाई साह के घर से दस किलो गांजा बरामद किया गया. बरामद गांजा का अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो लाख रुपये मूल्य आंका गया. ज्ञात हो कि मौके से फरार गांजा तस्कर पूर्व में भी गांजा तस्करी मामले में जेल जा चुका है. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार छापेमारी के क्रम में तस्कर घर में ही मौजूद था
लेकिन पुलिस प्रशासन के आंख में धूल झोंक कर भागने में सफल रहा. एसएसबी 28 वीं बटालियन की सूचना पर कुआड़ी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची व बरामद गांजा को कब्जे में लिया. इस मामले में ओपी अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है.
बरामद गांजा के साथ कुआड़ी ओपी अध्यक्ष व एसएसबी के जवान.
एसएसबी के सहायक कमांडेंट के आवेदन पर कुआड़ी ओपी में दर्ज हुआ मामला
