नगर थाना क्षेत्र के गरगद्दी धार के समीप हुई घटना
पीड़ित ने अज्ञात के विरुद्ध दर्ज करायी प्राथमिकी
अररिया : मंगलवार की रात नगर थाना क्षेत्र के गरगद्दी धार में चल रहे पुल निर्माण कार्य स्थल पर संवेदक के कर्मी से अज्ञात अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित ने इस बाबत नगर थाना में मामला दर्ज कराया है. पीड़ित ने कहा कि मंगलवार की मध्य रात्रि पांच-छह अज्ञात अपराधी कैंप में घुस गये व संवेदक कर्मियों का हाथ-पैर बांध कर कमरे में बंद कर दिया व मारपीट की. फिर अपराधियों ने नगद 35 सौ रुपये , दो मोबाइल, घड़ी, बैटरी, टॉर्च, इमरजेंसी लाइट, त्रिपाल, गैस सिलेंडर लेकर चलता बना.
पीड़ित संवेदक कर्मी मोदी लाल पिता, स्वर्गीय सिकम लाल ततमा महिषाकोल गांव निवासी के आवेदन पर कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. नगर थानाध्यक्ष आर के चौधरी ने बताया कि कांड अंकित कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की शिनाख्त की जा रही है. उम्मीद किया जाना चाहिए कि अपराधी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा.
