दुर्गापूजा . जिले के सभी मंदिर व पंडालों के पट खुले
मंदिरों में या देवी सर्व भूतेषु के मंत्रों के उद्घोष से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया.
अररिया : जिल के लगभग सभी मंदिरों के पट शनिवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये. कुछ मंदिरों में षष्ठी की रात को तो बंगाली रीति से पूजे जाने वाले कुछ मंदिरों में सप्तमी की सुबह से ही मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के खोल दिये गये. मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ मां के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी. मंदिरों में या देवी सर्व भूतेषु के मंत्रों के उद्घोष से सारा वातावरण मां मय हो गया. महिलाएं हाथ में थाल लिए मंदिर पहुंची व शक्ति रूपा मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार के सुख, शांति,
स्वास्थ्य व समृद्धि की मंगल कामना मां के दरबार में की. शहर के ठाकुरबाड़ी दुर्गा मंदिर, अररिया आरएस रेलवे स्टेशन, कोर्ट रेलवे स्टेशन, काली मंदिर वार्ड संख्या 23 में स्थित दुर्गा मंदिर, अररिया समिति वार्ड संख्या 22 दुर्गा मंदिर, रामकृष्ण सेवा आश्रम दुर्गा मंदिर, जेल परिसर दुर्गा मंदिर, बस स्टेंड दुर्गा मंदिर आदि में भक्तों का सैलाब मां के दर्शन के लिए उमड़ पड़ा. शहर के सभी घरों की महिला संध्या बेला में घरों से निकल कर अपने नजदीकी दुर्गा मंदिरों में पहुंची व मां के दर्शन किये. महिलाओं व कुमारी कन्याओं द्वारा मां के दरबार में दीपक जला कर उनकी आरती की गयी. मंदिर कमेटी के सदस्य दर्शनार्थियों को सुविधा देने के मामले में सजग दिखे.
कैदियों में भी दिख रहा है श्रद्धाभाव
जेल परिसर वार्ड संख्या 15 में हो रहा दुर्गापूजा कुछ मायने में इस बार विशेष है. हर वर्ष कैदियों व जेल प्रशासन द्वारा कराये जा रहे मां दुर्गा की पूजा का यह अंतिम साल माना जा रहा है. क्योंकि अब यहां के कैदी इस वर्ष नये जेल में शिफ्ट हो जायेंगे. इसके बाद यहां पर देवी मां की पूजा की कशिश ही कैदियों के दिलों में रह जायेगी.
