अररिया : केंद्र सरकार के निर्देश के आलोक में राज्य सरकार के सूचना व जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुपालन में गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक गुरुवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई. जानकारी देते हुए एडीपीआरओ ने बताया कि बैठक में डीएम ने संचार माध्यमों द्वारा प्रसारित की जाने वाली सामग्रियों को लेकर सरकारी प्रावधानों की जानकारी दी. कहा गया कि निजी टीवी चैनलों द्वारा प्रसारित सामग्रियों की निगरानी व अनुश्रवण की जिम्मेदारी जिला समिति की है. ताकि केबुल टीवी नेटवर्क अधिनियम 1995 व केबुल टीवी नेटवर्क नियमावली 1994 के प्रावधानों का उल्लंघन नहीं हो.
भड़काऊ व द्वेष फैलाने वाली खबरों व सामग्रियों का प्रसारण नहीं किया जा सकता है. कहा गया कि संबंधित अधिनयमों का उल्लंघन होने की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी जाये ताकि समुचित कार्रवाई हो सके. बैठक में महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो बासुकी नाथ झा, अलशम्स मिल्लिया कॉलेज के प्राचार्य प्रो शम्स जावेद, अपने आप संस्था के प्रतिनिधि मो कलाम व विकास विहार के धर्मवीर कुमार मौजूद थे.
