अररिया से राहुल सिंह की रिपोर्ट
अररिया नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व भाजपा विधायक के बताए जा रहे कामत से करीब तीन क्विंटल गांजा बरामद किया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है. मामले में केयरटेकर फरार है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है. कुसियारगांव पंचायत स्थित बायो डायवर्सिटी पार्क के गेट नंबर-02 के पास एनएच-27 किनारे एक कामत में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर करीब तीन क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया. स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस कामत से गांजा मिला, उसकी जमीन नरपतगंज के पूर्व भाजपा विधायक जय प्रकाश यादव और उनके भाई की बताई जा रही है.
ट्रंक और पुआल के ढेर से मिली छह बोरी गांजा
बुधवार दोपहर करीब दो बजे नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कामत में बड़ी मात्रा में गांजा रखा गया है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की. तलाशी के दौरान कच्चे मकान में रखी ट्रंक से चार बोरी तथा पुआल के ढेर से दो बोरी गांजा बरामद हुआ. पुलिस पहुंचने से पहले वहां रह रहा परिवार फरार हो गया. मौके से महिला के कपड़े भी मिले, जिससे वहां परिवार के रहने की पुष्टि होती है.
केयरटेकर की तलाश में पुलिस
स्थानीय लोगों ने बताया कि कामत की देखरेख के लिए अवधेश ऋषिदेव को रखा गया था, जो अपनी मां और पत्नी के साथ वहीं रहता था. पुलिस के अनुसार छापेमारी के बाद केयरटेकर मोबाइल बंद कर फरार है. वहीं कामत की कुछ जमीन भाजपा के एक स्थानीय पदाधिकारी की देखरेख में होने की भी चर्चा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
डिजिटल मशीन से हुआ गांजे का वजन
बरामदगी के बाद पुलिस ने गांजा तौलने के लिए थाना से तराजू लाया, लेकिन चार्ज नहीं होने के कारण वह काम नहीं कर सका. इसके बाद आसपास की दुकान से डिजिटल वजन मशीन मंगाकर अधिकारियों की मौजूदगी में सभी बोरियों का वजन किया गया. इसके बाद गांजा को पुलिस वाहन से नगर थाना लाया गया. छापेमारी टीम में पुअनि अमित कुमार, सअनि शिवम कुमार सिंह समेत करीब दो दर्जन महिला-पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे.
ग्रामीण बोले, रोज होती थी चिलमबाजी
गांजा बरामद होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों का कहना है कि कामत में बने मचान पर प्रतिदिन लोगों का जमावड़ा लगता था और देर रात तक चिलमबाजी होती थी.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज होगा मामला
नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि बरामद गांजा जब्त कर लिया गया है. फरार आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा की खेप कहां से आई और किस स्थान पर इसकी आपूर्ति की जानी थी.
पुलिस कर रही है जांच : एसपी
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. इसमें शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. कामत पर रह रहा केयरटेकर मोबाइल बंद कर फरार है. जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई और जानकारी साझा की जाएगी.
पुलिस निष्पक्ष जांच करे : सांसद
अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व भाजपा विधायक के कामत से गांजा बरामद होने की जानकारी मिली है, लेकिन भाजपा के नेता ऐसा कृत्य नहीं कर सकते. पुलिस निष्पक्ष जांच करे. जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. उन्होंने दावा किया कि पूर्व विधायक की छवि धूमिल करने की कोशिश भी हो सकती है.
ALSO READ : कोलकाता बंदरगाह से विराटनगर पहुंची पहली कार्गो रेल, भारत-नेपाल पारगमन समझौते को मिली नयी गति
