बाढ़ आपदा राशि से वंचित लाभुकों ने सीओ को दिया अल्टीमेटम
लगभग तीन हजार लाभािर्थयों का खाता गलत होने के कारण नहीं भेजी आपदा राशि
कुर्साकांटा : प्रखंड क्षेत्र के बाढ़ आपदा राशि से वंचित लाभार्थी द्वारा गुरुवार को अंचल कार्यालय पहुंचकर आपदा राशि मिलने तक आगामी शुक्रवार से आमरण अनशन पर बैठने को ले सीओ विजय कुमार सिन्हा को आवेदन दिया गया. उन्होंने सीओ के मार्फत से आवेदन की प्रतिलिपि डीएम को भी प्रेषित किया है. आपदा राशि से वंचित लाभार्थी कृष्णदेव मंडल ने बताया कि अगस्त 2017 में बाढ़ से हुई क्षति मामले में सर्वे सूची के साथ लाभार्थी द्वारा सभी जरूरी वैध कागजात भी दिया गया.
इसके बाद भी प्रखंड क्षेत्र के लगभग तीन हजार लाभार्थी का खाता गलत होने के कारण लाभार्थी के खाते में आपदा राशि नहीं भेजी गयी. लाभार्थी द्वारा खाता सुधार के नाम पर अंचल कार्यालय द्वारा लाभार्थी से बार-बार बैंक खाता व आधार कार्ड लिया गया. इसके बावजूद बाढ़ पीड़ितों को आठ माह के बाद भी खाते में राशि नही भेजी गयी. आवेदनकर्ताओं की माने तो राशि भेजे जाने के नाम पर अवैध राशि की भी मांग की जा रही है. जो राशि दे रहे हैं उनके खाते में राशि भेजने का आश्वासन दिया जा रहा है.
थक हार का बाढ़ पीड़ित अब आमरण अनशन का मन बना चुके हैं. सीओ को आवेदन देने वालों में दीप नारायण मंडल, विद्यानंद पासवान, विनय सिंह, नारायण दास, राजकिशोर मंडल, तपन वर्मा, कमसो, भदई राम, निर्मल पासवान, अबुनसर, विक्की पासवान, सुजीत कुमार केशरी, पूजा देवी, कुसमी देवी, रिंकी देवी, जितेंद्र पासवान, विश्वनाथ राय समेत काफी संख्या में वंचित लाभार्थी शामिल हैं.
विलंब का दोष अंचल नाजिर व राजस्व कर्मचारी पर थोंपा
बाढ़ आपदा राशि से वंचित लाभार्थी द्वारा आमरण अनशन पर बैठने को लेकर पूछे जाने पर सीओ विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि खाता सुधार को लेकर अंचल नाजिर व राजस्व कर्मचारी को कई बार पत्र दिया गया. लेकिन कार्य के प्रति उदासीनता को लेकर राशि नहीं भेजी जा सकी है. उन्होंने बताया बाढ़ आपदा राशि भेजे जाने में हुए विलंब का कारण बैंक को भी बताया.
