मजदूरी व सामग्री की जिला पर करोड़ों की उधारी, मानव सृजन लक्ष्य से दूर

26 लाख मानव दिवस सृजन लक्ष्य के एवज में अब तक 15 लाख 50 हजार मानव दिवस का सृजन हो सका है. अररिया : कारण चाहे जो भी हो, लेकिन जिले में मनरेगा की प्रगति का हाल बहुत संतोषजनक नहीं है. जहां मानव दिवस सृजन अपने लक्ष्य से कोसों दूर नजर आता है, वहीं मजदूरी […]

26 लाख मानव दिवस सृजन लक्ष्य के एवज में अब तक 15 लाख 50 हजार मानव दिवस का सृजन हो सका है.

अररिया : कारण चाहे जो भी हो, लेकिन जिले में मनरेगा की प्रगति का हाल बहुत संतोषजनक नहीं है. जहां मानव दिवस सृजन अपने लक्ष्य से कोसों दूर नजर आता है, वहीं मजदूरी व सामग्री मद में जिले पर करोड़ों की उधारी चढ़ चुकी. चालू वित्तीय वर्ष में ली गयी योजनाओं में लगभग पांच प्रतिशत ही पूरी हो पायी है. हालांकि जिले में नयी डीडीसी के योगदान के बाद बीते कुछ महीनों में जॉब कार्ड सत्यापन व आधार सीडिंग के मामले में खासी प्रगति देखी जा सकती है. उपलब्ध आंकड़े बताते हैं
कि आधार कार्ड सीडिंग की उपलब्धि 84 प्रतिशत व जॉब कार्ड सत्यापन की उपलब्धि 75 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है. पर कमोबेश सालों भर फंड की कमी से जूझती मनरेगा योजना के अन्य बिंदुओं पर प्रगति बहुत कम है. हालांकि चालू वित्तीय वर्ष में मानव दिवस का वार्षिक लक्ष्य विभाग द्वारा घटा कर केवल लगभग 26 लाख कर दिया गया है, पर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक केवल 15 लाख 50 हजार से कुछ अधिक मानव दिवस ही सृजित किया जा सका है. वहीं योजनाओं को पूर्ण करने के मामले में भी जिला पिछड़ता दिख रहा है.
जिला मनरेगा सेल से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2015-16 तक ली गयी योजनाओं में से कमोबेश 85 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं. पर चालू वित्तीय वर्ष में ली गयी योजनाओं का हाल बुरा है. दी गयी जानकारी के अनुसार नये साल में कुल तीन हजार 963 योजनाएं ली गयीं, पर पूरी केवल 191 योजनाएं हो सकी हैं. यानी उपलब्धि लगभग पांच प्रतिशत है. बताया गया कि मजदूरी व सामग्री मद में करोड़ों का बकाया चढ़ चुका है. जॉब कार्ड धारकों को उनकी मजदूरी के एवज में दो करोड़ छह लाख 63 हजार का भुगतान लंबित हो चुका है. इसी प्रकार सामग्री मद में 12 करोड़ 29 लाख 97 हजार की उधारी चढ़ चुकी है. बताया गया कि फरवरी माह से ही फंड नहीं मिल पाया है.
जिले में मनरेगा का हाल
446238 है कुल जॉब कार्ड धारकों की संख्या
131040 है सक्रिय जॉब कार्ड धारकों की संख्या
84 प्रतिशत है आधार कार्ड सीडिंग की उपलब्धि
75 प्रतिशत जॉब कार्ड का हो चुका सत्यापन
2591152 मानव दिवस सृजन का है लक्ष्य
1550475 मानव दिवस का हुआ है सृजन
3963 योजनाएं ली गयी हैं चालू वित्तीय वर्ष में
191 योजनाएं ही हो पायी हैं पूरी
बकाया- मजदूरी मद में 206.63 लाख, सामग्री मद में 12 करोड़ से अधिक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >