चार लाख नकदी समेत छह लाख की संपत्ति लूटी

नकटा कला गांव में सोमवार की रात लगभग डेढ़ दर्जन हथियार से लैस अपराधियों ने गृहस्वामी को बंधक बना कर डकैती को अंजाम दिया. पलासी : पलासी प्रखंड के नकटा कला गांव में सोमवार की रात सशस्त्र लगभग डेढ़ दर्जन अपराधियों ने किसान के घर भीषण डकैती को अंजाम दिया. अपराधियों ने इस घटना में […]

नकटा कला गांव में सोमवार की रात लगभग डेढ़ दर्जन हथियार से लैस अपराधियों ने गृहस्वामी को बंधक बना कर डकैती को अंजाम दिया.

पलासी : पलासी प्रखंड के नकटा कला गांव में सोमवार की रात सशस्त्र लगभग डेढ़ दर्जन अपराधियों ने किसान के घर भीषण डकैती को अंजाम दिया. अपराधियों ने इस घटना में लगभग चार लाख रुपये नकदी व सोने चांदी के जेवर समेत लगभग छह लाख रुपये का सामान लूट लिये. घटना की सूचना पर पलासी थानाध्यक्ष मुकेश्वर प्रसाद व जोकीहाट थानाध्यक्ष एमए हैदरी सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे. तब तक अपराधी भाग चुके थे.

घटना की सूचना पर एसपी धूरत सायली व एसडीपीओ केडी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली. घटनास्थल पर पुलिस को एक जिंदा कारतूस, दो खोखा व एक बम मिला है, जिसे साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है. गृहस्वामी विश्वनाथ यादव के अनुसार सोमवार की रात घर के सभी लोग सो रहे थे.
इसी दौरान लगभग डेढ़ दर्जन सशस्त्र अपराधी गृहस्वामी के दूसरे तल्ले पर सीढ़ी लगा कर चढ़े और ऊपर के ग्रील को काट कर घर में घुसे. गृहस्वामी के सिर पर पिस्टल सटा कर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद उनकी पत्नी को भी कब्जे में ले लिया. घर में घुसते ही अपराधियों ने उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया. अपराधियों ने गृहस्वामी व उनकी पत्नी से गोदरेज की चाबी मांगी. गोदरेज नहीं खुलने पर अपराधियों ने गोदरेज को तोड़ डाला. इसके अलावा पलंग को बुरी तरह तोड़ कर क्षतिग्रस्त करते हुए घर में रखे चार लाख रुपये नकद व लगभग दो लाख रुपये का जेवर लूट लिया.
इस बीच अपराधियों ने सीसीटीवी डिस्प्ले पर गोली चला कर क्षतिग्रस्त कर दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधियों ने दहशत फैलाने की नीयत से गोली भी चलायी. भागने के क्रम में अपराधियों ने बम भी पटका. घटना की सूचना पर पलासी व जोकीहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे.
जानकारी के अनुसार अपराधियों की निशानदेही व उनकी गतिविधि को खंगालने के लिए श्वान दस्ता भी मौके पर पहुंचा. बताया जाता है कि श्वान दस्ता उस बांस की झाड़ी तक पहुंचा जहां अपराधियों ने घर में घुसने के लिए सीढ़ी बनायी थी. बताया जाता है कि अपराधियों ने गृहस्वामी के घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित बांस की झाड़ी में बांस काटा व सीढ़ी बनायी थी. घटनास्थल पर पुलिस बल को प्रतिनियुक्त कर दिया गया है, जहां थानाध्यक्ष स्वयं पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं. आपराधिक घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >