सिकटी विधायक की डीएम से हुई वार्ता के आलोक में एनएचआइ ने दिया आश्वासन
अररिया : ओवरब्रिज निर्माण संघर्ष समिति द्वारा महादेव चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को को लेकर अब एनएचआइ द्वारा सकारात्मक पहल सामने आने लगे हैं. इस संबंध में पूर्व राज्य मंत्री सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे के निदान के लिए डीएम से बात की. इसके बाद डीएम हिमांशु शर्मा ने इस संबंध में एनएचआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से दूरभाष पर की.
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने 25 दिसंबर तक महादेव चौक पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही है. प्रेस रिलीज के माध्यम से विधायक प्रतिनिधि राजा मिश्रा ने बताया कि विधायक श्री मंडल द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व भी महादेव चौक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए डीएम से बात की गयी थी. डीएम ने उस वक्त भी विधायक को आश्वस्त किया था कि एनएचआइ से उक्त स्थल पर पुल निर्माण का आग्रह पत्र भेजा गया था. वहीं बुधवार को डीएम से हुई बात के बाद एनएचआइ के प्रोजेकट डायरेक्टर ने डीएम व विधायक को यह भरोसा दिलाया है कि कि प्रथम चरण में फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जायेगा.
