अमित शाह के UCC ऐलान पर बिहार NDA में अलग-अलग सुर, JDU MLA बोले- बिहार में लागू नहीं होगा, चिराग-मांझी की पार्टी ने किया समर्थन

Amit Shah UCC Announcement: UCC को लेकर बिहार में एनडीए के भीतर ही मतभेद सामने आ गए हैं. बीजेपी-चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की पार्टी इसके समर्थन में हैं. वहीं जेडीयू विधायक ने राज्य में इसे लागू करने से साफ इनकार किया है. विपक्षी दलों ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है.

Amit Shah UCC Announcement: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर दिए बयान के बाद बिहार में सियासत गरमा गई है. शाह ने कहा है कि 2029 तक बीजेपी-एनडीए की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में UCC लागू किया जाएगा. इसके बाद बिहार में एनडीए के घटक दलों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं.

LJP-RV ने किया समर्थन

अमित शाह के बयान का बिहार बीजेपी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने समर्थन किया है. LJP-RV प्रवक्ता विनीत सिंह ने इसे स्वागत योग्य कदम बताया.

उन्होंने कहा कि संविधान भी देश में समान कानून की बात करता है. इसलिए UCC को केवल एनडीए शासित राज्यों तक सीमित नहीं रखना चाहिए. विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में भी इसे लागू किया जाना चाहिए.

विनीत सिंह के मुताबिक, इससे देश में एकरूपता और समानता की भावना मजबूत होगी.

संतोष कुमार सुमन ने भी किया समर्थन

हम पार्टी के डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भी अमित शाह के बयान का पूर्ण समर्थन किया है. उन्होंने साथ ही अनुसूचित जाति के आरक्षण में कोटे में कोटा और वर्गीकरण के मुद्दे पर भी गंभीर पहल की मांग की है. उन्होंने कहा कि जिस तरह हरियाणा में बीजेपी सरकार ने इस दिशा में कदम उठाया है, उसी तरह अन्य भाजपा शासित राज्यों में भी कोटे में कोटा लागू करने की पहल होनी चाहिए.

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अनुसूचित जातियों के उप-वर्गीकरण संबंधी फैसले पर केंद्र और राज्य सरकारों से गंभीरता से संज्ञान लेने की अपील की, ताकि आरक्षण का लाभ उन वर्गों तक भी पहुंच सके, जो लंबे समय से इससे अपेक्षाकृत वंचित रहे हैं. डॉ. सुमन ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि अमित शाह के नेतृत्व में इस विषय पर भी सकारात्मक पहल होगी और सामाजिक न्याय को और मजबूती मिलेगी.

JDU विधायक ने बिहार में लागू करने का किया विरोध

वहीं, जेडीयू ने बिहार में UCC लागू करने का विरोध किया है. पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि संसद में UCC बिल आने पर जेडीयू ने उसका समर्थन किया था. हालांकि, उस समय पार्टी नेतृत्व ने साफ कर दिया था कि इसे बिहार में लागू नहीं किया जाएगा.

श्याम रजक ने कहा कि उस वक्त नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे. आज बीजेपी के सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री हैं, लेकिन सरकार एनडीए की ही है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में UCC किसी कीमत पर लागू नहीं होगा.

RJD बोली- बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश

UCC को लेकर राजद भी एनडीए पर हमलावर है. RJD प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि बीजेपी के ऐलान का जेडीयू ने ही विरोध कर दिया है.

उन्होंने UCC को बीजेपी के एजेंडे की राजनीति आगे बढ़ाने वाला कदम बताया. एजाज अहमद ने कहा कि इससे सभी धर्मों के लोग प्रभावित होंगे. उनके मुताबिक, इससे संविधान और संवैधानिक अधिकार भी कमजोर होंगे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस ने भी साधा निशाना

कांग्रेस प्रवक्ता असीतनाथ तिवारी ने भी UCC को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश के कई राज्य इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में हैं. वहां की जनता को मदद की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में UCC का मुद्दा उठाना 'हसुआ के बियाह में खुरपी का गीत गाने' जैसा है. कांग्रेस प्रवक्ता ने नेताओं से पहले जनता की सुख-सुविधाओं पर ध्यान देने की अपील की.

एनडीए में UCC पर अलग-अलग सुर

अमित शाह के ऐलान के बाद बिहार में UCC को लेकर सियासी तस्वीर साफ होती दिख रही है. बीजेपी और LJP-RV इसके समर्थन में हैं. वहीं, JDU ने बिहार में इसे लागू करने से साफ इनकार किया है. दूसरी ओर, RJD और कांग्रेस ने भी बीजेपी पर हमला तेज कर दिया है.

Also Read: Journalist Assault Case: प्रभात खबर के पत्रकार से मारपीट का सवाल पूछते ही बोले डॉ. SK आजाद- फ्लो फ्लो में हो गया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >