Akshara Gupta: 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन, रक्सौल की बेटी ने अंडर-19 क्रिकेट में रचा इतिहास

Akshara Gupta ने बिहार महिला क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है. रक्सौल की 15 वर्षीय बल्लेबाज ने भागलपुर में आयोजित अंडर-19 टूर्नामेंट में महज 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन की रिकॉर्ड पारी खेली. 55 चौके और 8 छक्कों से सजी इस पारी के बाद पूरे बिहार में उनकी चर्चा हो रही है. पढ़ें पूरी खबर…

पूर्वी चंपारण के रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Akshara Gupta ने बिहार महिला क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है. पूर्वी चंपारण के रक्सौल की 15 वर्षीय क्रिकेटर और बिहार अंडर-19 महिला टीम की कप्तान अक्षरा गुप्ता ने भागलपुर में आयोजित बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के महिला अंडर-19 एकदिवसीय टूर्नामेंट में महज 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन की ऐतिहासिक पारी खेली. उनकी इस रिकॉर्डतोड़ पारी ने बिहार क्रिकेट जगत में नई चर्चा छेड़ दी है.

अक्षरा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दौरान 55 चौके और 8 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 242.86 रहा, जो एकदिवसीय क्रिकेट में बेहद दुर्लभ माना जाता है.

55 चौके और 8 छक्कों से बनाया रिकॉर्ड

भागलपुर में खेले गए मुकाबले में अक्षरा शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आईं. उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बनाए रखा.

उनकी नाबाद 306 रन की पारी की बदौलत टीम ने विशाल स्कोर खड़ा किया और मुकाबले में मजबूत स्थिति हासिल की. क्रिकेट विशेषज्ञों ने इसे बिहार महिला क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में से एक बताया है.

बिहार की सबसे कम उम्र की तिहरा शतक लगाने वाली खिलाड़ी

इस उपलब्धि के साथ अक्षरा गुप्ता बिहार क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में नाबाद तिहरा शतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. खेल जानकारों का मानना है कि यह उपलब्धि केवल रिकॉर्ड नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा, अनुशासन और वर्षों की मेहनत का परिणाम है. अक्षरा की इस पारी ने बिहार महिला क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम किया है.

10 दिन पहले मिली थी बिहार टीम की कप्तानी

गौरतलब है कि करीब 10 दिन पहले ही अक्षरा गुप्ता को वर्ष 2026 के लिए बिहार अंडर-19 महिला जोनल टीम की टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों की कप्तानी सौंपी गई थी.

मात्र 15 वर्ष की उम्र में लगातार दूसरे वर्ष कप्तानी मिलना उनके नेतृत्व कौशल का प्रमाण माना गया था. वर्ष 2025 में भी उन्होंने अपनी कप्तानी में बिहार टीम को जोनल चैंपियन बनाया था और दो बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था.

लगातार बना रही हैं नए कीर्तिमान

अक्षरा दो वर्षों के भीतर लगातार चार बीसीसीआई महिला टूर्नामेंट खेलने वाली बिहार की पहली महिला क्रिकेटर भी बन चुकी हैं. अब 306 रन की यह पारी उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गई है.

रक्सौल समेत पूरे पूर्वी चंपारण जिले में उनकी उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि अक्षरा आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगी.

यह भी पढ़ें: रक्सौल की बेटी अक्षरा गुप्ता को फिर मिली बिहार अंडर-19 टीम की कमान

अक्षरा की उपलब्धी एक नजर में

  • वर्ष 2025: बिहार अंडर-19 टीम को जोनल चैंपियन बनाया.
  • दो बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता.
  • वर्ष 2026: बिहार अंडर-19 महिला टीम की कप्तान नियुक्त.
  • भागलपुर टूर्नामेंट में 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन बनाए.
  • बिहार क्रिकेट इतिहास की सबसे कम उम्र की तिहरा शतक लगाने वाली खिलाड़ी बनीं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >