पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने आज कहा है कि नक्सल मुद्दे पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह के इस बयान से वह सहमत नहीं हैं कि माओवादिओं से कोई बातचीत नहीं की जाएगी और उनके हमलों का करारा जवाब दिया जाएगा.
श्री मांझी ने आज पत्रकारों से कहा कि सैद्धांतिक रुप से गृह मंत्री के नक्सल संबंधी उस बयान से वह सहमत नहीं हैं. मांझी ने आगे कहा कि बंदूक के बल पर नक्सलवाद को खत्म नहीं किया जा सकता है. नक्सलवाद के पीछे के कारण को हमें समझना होगा. केवल समाज के विकास से ही नक्सलवाद को खत्म किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि निराशा, बेरोजगारी, अशिक्षा, कमजोर वर्गों को न्याय इत्यादि नहीं मिलना नक्सलवाद के विकास के कारण हैं. और इसे विकास कार्यों के द्वारा ही दूर किया जा सकता है.
मांझी ने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में पहल की थी और नक्सली मुद्दे को हल करने के लिए सराहनीय कदम उठाये थे. उन्होंने कहा कि अब परिस्थितयां बदल गयी है. अब नक्सलियों में भी बदलाव आया है और वे काम की खोज में रुचि ले रहे हैं.मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि यहां विकास कार्यों में विशेष ध्यान दिया जाय. अगर ऐसा किया जाता है तो नक्सलवाद अपने आप खत्म हो जाएगा.
गौरतलब है कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कल नक्सलियों से बातचीत से इनकार करते हुए उनके हमलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी.
