गया : शनिवार की अहले सुबह अचानक आये आंधी-पानी ने गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद व नवादा जिलों में भारी तबाही मचायी. दीवार व पेड़ गिरने से दो वृद्धों की मौत हो गयी. विभिन्न जगहों पर दलान, रेलिंग व घरों पर पेड़ गिरने से दर्जनों लोग घायल हो गये. घायलों में कई बच्चे व महिलाएं शामिल हैं. सभी का इलाज सरकारी व निजी अस्पतालों में कराया गया. गंभीर रूप से घायल लोगों को गया-पटना रेफर किया गया. आंधी में पोल गिरने से कई घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही. कई जगहों पर दुकानों व घरों में बारिश का पानी घुसने से लाखों की क्षति हुई.
तेज आंधी में छत पर सोये लोगों के बिछावन भी उड़ गये. सरकारी व निजी प्रतिष्ठानों के बोर्ड, पोस्टर व बैनर तहस-नहस हो गये. गया जिले में आंधी-तूफान से काफी नुकसान हुआ. कई जगहों पर पेड़ व बिजली के तार धराशायी हो गये. टिकारी के निसुरपुर गांव में घर की दीवार गिरने से 65 वर्षीय मुंशी पासवान की मौत हो गयी. उधर, गया-मुगलसराय रेलखंड के अनुग्रह नारायण रोड व सोननगर स्टेशन के बीच आंधी-पानी से रेलवे ट्रैक के ट्रैक्शन के तार पर पेड़ गिरने से डाउनलाइन करीब तीन घंटे तक बाधित रही. इससे मुगलसराय से पटना जा रही जीएम स्पेशल ट्रेन, सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, कोलकता राजधानी एक्सप्रेस, भुनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनें गया से होकर सुबह साढ़े छह बजे के बाद रवाना हईं.
इस कारण गया जंकशन पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. औरंगाबाद जिले में आंधी-पानी से एक दर्जन से ऊपर लोग जख्मी हो गये. घायलों में चार मासूम भी शामिल हैं. शहर के पीपरडीह गांव में सीढ़ी की रेलिंग गिरने से पिता समेत दो बच्चियां गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं. सत्येंद्र नगर मुहल्ले व कथरूआ गांव में दो लोग छत से गिर गये. एसबेस्टस की चपेट में आकर सीआरपीएफ का जवान जख्मी हो गया.
नवाब गली मुहल्ले में स्वतंत्रता सेनानी स्व. महावीर साव के घर पर नीम का पेड़ गिरने से कई किरायेदारों के परिवार बाल-बाल बच गये. गोह प्रखंड के देवकुंड बाजार की कई दुकानों बारिश का पानी घुसने से लाखों का सामान क्षतिग्रस्त हो गया.
रोहतास जिले के अकबरपुर प्रखंड के समहुता गांव में चक्रवाती तूफान के दौरान एक मकान का दलान गिरने से उसमें सो रहे चार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गये. गंभीर रूप से घायल एक महिला को वाराणसी रेफर किया गया. उधर, अकोढ़ीगोला प्रखंड के गीमा गांव में एक मकान की छत गिरने से गृह स्वामी जगनारायण चौबे व बबन राम घायल हो गये.
कैमूर जिले में तेज आंधी व बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ. आंधी में भभुआ शहर के सीओ मेला के समीप बबूरा ,अखलासपुर, बेतरी आदि गांवों में कई पेड़ उखड़ गये. जगह-जगह बिजली के तार टूट कर गिर गये, तूफान से आम की फसल को नुकसान पहुंचा है. नुआंव प्रखंड के कुढ़नी गांव के 58 वषीय श्रीराम पर नीम का पेड़ गिया, जिससे उनकी मौत हो गयी, वह शनिवार सुबह शौच से लौट रहे थे. नवादा जिले में तेज आंधी से जान-माल का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ. कई जगहों पर पोल गिरने से बिजली सप्लाइ बाधित रही. कई कच्चे घरों की छत उड़ गयीं. शहर के गली-मुहल्लों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी.
