FIFA WC 2026 Ticket Price: 23वां फीफा वर्ल्ड कप शुरू होने में अब सिर्फ तीन हफ्ते बचे हैं. इसके टिकटों के लिए दुनिया भर के फैंस के बीच होड़ मची हुई है. 11 जून से 19 जुलाई के बीच अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के 16 शहरों में होने वाले इस महामुकाबले के टिकट पाने के लिए अब राजनीतिक स्तर पर भी सिफारिशें और जुगाड़ लगाए जा रहे हैं.
लॉटरी के ज़रिए बांटे जाएंगे टिकट
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने कुल 1,000 टिकट हासिल किए हैं. ये टिकट पड़ोसी राज्य न्यू जर्सी के ‘मेटलाइफ स्टेडियम’ में होने वाले मैचों के लिए हैं, जिन्हें लॉटरी के जरिए लोगों में बांटा जाएगा. इन टिकटों से ग्रुप स्टेज के 5 मैच, राउंड ऑफ 32 और राउंड ऑफ 16 का 1-1 मैच देखा जा सकेगा. लेकिन इसमें 19 जुलाई का फाइनल मैच शामिल नहीं है. पूरे देश में किसी भी शहर द्वारा चलाया जा रहा यह अपनी तरह का अकेला टिकट प्रोग्राम है. यह स्टेडियम न्यूयॉर्क के पश्चिम में न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफ़ोर्ड में है. जिसे वर्ल्ड कप के दौरान ‘न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम’ कहा जा रहा है और इसी मैदान पर फाइनल मैच भी खेला जाएगा.
टिकट खरीदार के लिए मुफ्त बस सेवा
वर्ल्ड कप मैच देखने के लिए सबसे सस्ती टिकट सिर्फ $50 की रखी गई है. इसके साथ दर्शकों को मैच के स्टेडियम तक आने-जाने के लिए मुफ्त बस की सुविधा भी दी जाएगी. हालांकि, न्यू जर्सी के मेटलाइफ़ स्टेडियम में होने वाले इन मैचों की टिकटें केवल न्यूयॉर्क सिटी के निवासियों को ही लॉटरी के जरिए मिलेंगी. यह फैसला स्थानीय नेता ममदानी की उस मांग के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने फीफा से इस गर्मी के टूर्नामेंट में लोकल लोगों को प्राथमिकता देने की अपील की थी.
70 लाख का सबसे महंगा टिकट
फीफा वर्ल्ड कप के टिकटों की कीमत करीब ₹5,800 से लेकर ₹9.70 लाख तक रखी गई है. ये दाम मांग के हिसाब से कम या ज्यादा होते रहते हैं. सबसे महंगा टिकट वर्ल्ड कप के फाइनल मैच का है. जो 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा. इस फाइनल मैच को देखने के लिए आम लोगों को एक टिकट के लिए कम से कम ₹3.38 लाख और ज्यादा से ज्यादा ₹70.5 लाख तक चुकाने पड़ सकते हैं.
यह भी पढ़े- प्रसार भारती ने FIFA वर्ल्ड कप ब्रॉडकास्ट करने से खींचे हाथ, जानें क्या है वजह
