जिम्बाब्वे ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे क्रिकेट में पहली बार बना 800 रन

जिम्बाब्वे ने 50 ओवर के फॉर्मेट में नया इतिहास रच दिया है. इस टीम ने वनडे में इतने रन बना दिए हैं कि इसे तोड़ पाना नामुमकिन सा लग रहा है.

Zimbabwe: क्रिकेट में कुछ भी, कभी भी हो सकता है; इसीलिए तो इसे अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है. दरअसल, कुछ ऐसा ही कारनामा जिम्बाब्वे के क्रिकेट इतिहास में भी हुआ है. इस टीम ने वह उपलब्धि हासिल की है जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे. आप कल्पना भी नहीं कर सकते कि कोई टीम क्रिकेट में ऐसा कुछ कर सकती है. 

वनडे में बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड

दरअसल, जिम्बाब्वे की टीम ने वनडे में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में 822 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. यह सुनकर भले ही आपको अजीब लगे, लेकिन जिम्बाब्वे ने इतिहास में ऐसा ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है. इसके बाद सामने वाली टीम टारगेट का पीछा करने में महज 28 रनों पर ऑलआउट हो गई. 

जिम्बाब्वे घरेलू लीग में रचा नया कीर्तिमान

जिम्बाब्वे के घरेलू क्रिकेट इतिहास में एक अविश्वसनीय और नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है, जिसने विश्व क्रिकेट का ध्यान अपनी ओर खींचा है. यह मुकाबला स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब और मीथेन लायंस के बीच खेला गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 50 ओवरों में मात्र 4 विकेट खोकर 822 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. हालांकि, इससे भी अधिक हैरान करने वाली बात यह रही कि इतने विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीथेन लायंस की टीम केवल 28 रनों पर ही ढेर हो गई. इस प्रकार स्कॉर्पियंस ने 794 रनों के अद्भुत और ऐतिहासिक अंतर से जीत दर्ज की.

1 ट्रिपल सेंचुरी, 1 डबल सेंचुरी और 1 सेंचुरी

मैच की बात करें तो स्कॉर्पियंस के कप्तान प्रेज मकाजा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ. टीम ने ऐसी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की कि विपक्षी टीम के खिलाफ एक नया इतिहास रच दिया. इस मैच के सबसे बड़े सितारे विन्फ्रेड मुटेंडे रहे, जिन्होंने मात्र 75 गेंदों का सामना करते हुए 203 रनों का दोहरा शतक जड़ दिया. अपनी इस आतिशी पारी में उन्होंने 23 चौके और 13 छक्के लगाए. मुटेंडे के साथ-साथ तकुंडा मडेम्बो ने भी अविश्वसनीय बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और केवल 143 गेंदों में 302 रन कूट डाले. उनकी इस ऐतिहासिक पारी में 50 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इसके बाद गैब्रियल जया ने भी अपना जलवा दिखाया और मात्र 49 गेंदों पर 110 रनों की नाबाद पारी खेली. पारी के अंत में विन्सेंट मोयो ने भी तेज हाथ दिखाते हुए 39 गेंदों में 78 रन जड़कर स्कोर को 822 तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई.

रनों के मामले में ऐतिहासिक जीत

स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 822 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस दौरान टीम का रन रेट 16.44 प्रति ओवर रहा, जो कि वनडे क्रिकेट के इतिहास में लगभग असंभव सा लगता है. इस पहाड़ जैसे लक्ष्य के सामने मीथेन लायंस की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 28 रनों पर सिमट गई. हालांकि, क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले भी कई टीमों ने 500 रनों के आंकड़े को छुआ है. साल 2022 में भारतीय घरेलू क्रिकेट (विजय हजारे ट्रॉफी) में तमिलनाडु ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 2 विकेट पर 506 रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था. वहीं, अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट की बात करें तो उसी साल इंग्लैंड ने नीदरलैंड के खिलाफ 498 रन बनाकर एक पारी में सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >