Yuvraj Singh Wishes Happy Birthday: भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आज यानी 4 सितंबर को अपना 26वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर उन्हें क्रिकेट जगत से लगातार बधाइयां मिल रही हैं. लेकिन सबसे खास शुभकामनाओं में से एक उनके मेंटर और पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह की रही. युवराज ने सोशल मीडिया पर अभिषेक को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके व्यक्तित्व और क्रिकेट के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ की.
जन्मदिन पर युवराज का संदेश बना खास
अभिषेक के 26वें जन्मदिन पर युवराज की इंस्टाग्राम पोस्ट ने इसी रिश्ते की एक और तस्वीर दिखा दी. अपने संदेश में युवराज ने अभिषेक के क्रिकेट से ज्यादा उनके इंसान के तौर पर बदलने की तारीफ की है.
युवराज सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अभिषेक शर्मा के लिए लिखा, सर अभिषेक, आज आपका जन्मदिन है. इससे ज्यादा शुभ दिन और क्या हो सकता है. आप जिस इंसान के रूप में ढले हैं, उससे बेहद खुशी होती है-अपने आसपास के लोगों का ख्याल रखने वाले, सबके साथ बांटने वाले और एक बेहतरीन लीडर. अपनी गलतियों से हमेशा सीखने और हर बार पहले से ज्यादा मेहनत करने का आपका जज्बा काबिल-ए-तारीफ है.आपको आने वाले साल के लिए ढेरों रन और शतकों की शुभकामनाएं. हमेशा यूं ही आगे बढ़ते रहें. आखिर में युवराज ने अपने शिष्य के लिए रनों और शतकों से भरे साल की कामना की और लिखा, ढेर सारा प्यार, हमेशा.
युवराज की देखरेख में निखरा अभिषेक का खेल
अभिषेक शर्मा ने छोटी उम्र में ही क्रिकेट में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी. अमृतसर से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचने के उनके सफर में प्रतिभा के साथ-साथ सही मार्गदर्शन की भी बड़ी भूमिका रही. युवराज सिंह ने अभिषेक की बल्लेबाजी पर करीब से काम किया और उन्हें खेल के मानसिक पहलुओं को समझने में भी मदद की.
खासकर आक्रामक बल्लेबाजी को सही तरीके से इस्तेमाल करने, दबाव में खुद पर भरोसा रखने और अपनी गलतियों से सीखने पर युवराज ने अभिषेक के साथ काफी काम किया. यही वजह है कि आज जब अभिषेक मैदान पर बेखौफ अंदाज में बड़े शॉट लगाते हैं, तो उनके खेल में युवराज की झलक भी दिखाई देती है.
ये भी पढ़ें: पहाड़ों के बीच योग मुद्रा में बैठे दिखे अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह, गुरु-शिष्य की जोड़ी को फैंस कर रहे पंसद
17 साल की उम्र में IPL डेब्यू
अभिषेक शर्मा ने बेहद कम उम्र में आईपीएल जैसे बड़े मंच पर कदम रख दिया था. साल 2018 में महज 17 साल की उम्र में उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने 19 गेंदों पर 46 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का संकेत दे दिया था. इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के साथ उनका करियर आगे बढ़ा और उन्हें शीर्ष क्रम में लगातार बल्लेबाजी का मौका मिला.
सनराइजर्स के लिए खेलते हुए अभिषेक ने अपनी बल्लेबाजी का ऐसा अंदाज विकसित किया, जिसमें पावरप्ले के दौरान तेजी से रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गई. वह शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला करने से नहीं हिचकते.
अब टीम इंडिया के अहम टी20 बल्लेबाज
आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा अभिषेक को भारतीय टीम में भी मिला. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में खुद को एक विस्फोटक ओपनर के तौर पर स्थापित किया है. अभिषेक अब तक भारत के लिए 56 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1,629 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 187 से ज्यादा का रहा है. उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में दो शतक और 11 अर्धशतक भी दर्ज हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ फरवरी 2025 में खेली गई 135 रनों की पारी उनके टी20 इंटरनेशनल करियर की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है. खास बात यह है कि अभिषेक केवल बल्ले से ही टीम को विकल्प नहीं देते. वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं और जरूरत पड़ने पर टीम के लिए उपयोगी ओवर डाल सकते हैं.
