Yash Garg: उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन का आगाज ही ऐसा हुआ, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच मुकाबला आखिरी गेंद तक रोमांच से भरपूर रहा. एक समय मुकाबला पूरी तरह काशी के कब्जे में था, मेरठ की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी थीं और उसके हाथ में सिर्फ एक विकेट बचा था. लेकिन क्रीज पर नए-नए आए यश गर्ग की किस्मत अलग ही कहानी लेकर आई थी.
लास्ट ओवर में चाहिए थे 19 रन
119 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ को अंतिम ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे. सामने काशी के गेंदबाज थे और मेरठ के पास सिर्फ एक विकेट बचा था. ऐसे में किसी को भी जीत की उम्मीद शायद ही रही होगी. लेकिन यश गर्ग ने पहली ही गेंद से इरादे साफ कर दिए. उन्होंने शुरुआती दो गेंदों पर पहले चौका और फिर छक्का जड़कर मैच में रोमांच भर दिया.
गर्ग ने लगाया लास्ट सेकेंड बॉल पर सिक्स
अब दो गेंदों पर सात रन चाहिए थे. दबाव चरम पर था, लेकिन गर्ग ने एक और गगनचुंबी छक्का जड़ दिया. आखिरी गेंद पर मेरठ को सिर्फ एक रन चाहिए था. गर्ग ने सूझबूझ दिखाई और एक रन लेकर अपनी टीम को अंतिम गेंद पर 1 विकेट से अविश्वसनीय जीत दिला दी. 14 गेंदों में नाबाद 26 रन की उनकी पारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया.
कप्तान रिंकू ने संभाली पारी
119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. स्वास्तिक चिकारा दूसरे ओवर में ही आउट हो गए. काशी के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए मेरठ को 10 ओवर के बाद 47/4 के स्कोर पर पहुंचा दिया. इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने दिव्यांश राजपूत के साथ मिलकर पारी को संभाला. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी हुई. रिंकू ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि दिव्यांश ने 24 गेंदों में 26 रन की पारी खेली.अंतिम 18 गेंदों में मेरठ को 26 रन चाहिए थे. विपिन राय ने लगातार दो गेंदों पर दिव्यांश राजपूत और जीशान अंसारी को आउट कर मेरठ को मुश्किल में डाल दिया था.
बल्ले से भी मचाया धमाल
इस मुकाबले में यश गर्ग सिर्फ बल्ले से ही नहीं, गेंद से भी मेरठ की जीत के हीरो रहे. उन्होंने काशी रुद्रास की पारी के दौरान शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और सिर्फ 19 रन दिए. उनके इस प्रदर्शन के कारण काशी की टीम 20 ओवर में 118 रन पर सिमट गई. काशी की ओर से अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश की. हालांकि मेरठ के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा. जीशान अंसारी ने भी तीन विकेट लेकर काशी के मध्यक्रम को बड़ा झटका दिया, जबकि विशाल चौधरी ने दो विकेट हासिल किए.
