विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का अनोखा इतिहास, 9 सीजन में सिर्फ दो बार टीमों ने '1 रन' से मारी बाजी

Womens T20 World Cup 2026: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के अब तक के 9 सीजन में केवल दो बार ऐसा हुआ है, जब किसी टीम ने '1 रन' के बेहद करीबी अंतर से मुकाबला जीता हो.

Womens T20 World Cup 2026: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में जब-जब टीमें सिर्फ 1 रन के अंतर से जीती हैं. टूर्नामेंट के 9 सीजन में यह कारनामा सिर्फ दो मैचों में हुआ है. आइए, क्रिकेट इतिहास के इन दो सबसे कांटेदार मुकाबलों के रोमांच को करीब से जानते हैं.

श्रीलंका बनाम पाकिस्तान (साल 2010, वेस्टइंडीज)

इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली. पूरी टीम 19.3 ओवरों में महज 108 रन पर सिमट गई. श्रीलंका के लिए इनोका गलागेदारा ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए, जबकि सुविनी डी अल्विज ने 22 रनों का योगदान दिया. पाकिस्तान की तरफ से कप्तान सना मीर, जावेरिया खान और नादिया डार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए. 109 रनों के इस छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. लेकिन बिस्माह मारूफ ने एक छोर संभाले रखा और 41 गेंदों में 42 रनों की जुझारू पारी खेली. उनके अलावा जावेरिया खान ने भी 14 रन बनाए. श्रीलंका की तरफ से ईशानी लोकसुरियागे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके और मैच को आखिरी ओवर में खींच ले गईं. पाकिस्तान को अंतिम ओवरों में जीत के लिए काफी मशक्कत करना पड़ा और पूरी टीम 20 ओवरों में 107 रन पर ही ढेर हो गई. इस तरह श्रीलंका ने महज़ 1 रन से इस सांस रोक देने वाले मैच को जीतकर इतिहास रच दिया.

पाकिस्तान बनाम भारत (1 अक्टूबर, 2012)

इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई. निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर महज 98 रन ही बना सकी. पाकिस्तान की तरफ से कप्तान सना मीर और नैन आबिदी ने जुझारू बल्लेबाजी करते हुए 25-25 रन बनाए, जबकि अस्मविया इकबाल ने 10 रनों का योगदान दिया. भारत की ओर से धारदार गेंदबाजी करते हुए झूलन गोस्वामी, रसनारा परवीन और अनुजा पाटिल ने 2-2 विकेट चटकाए. 99 रनों के आसान से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पाकिस्तानी गेंदबाजों ने शुरुआत से ही बांधकर रखा. भारतीय बल्लेबाज लगातार अपने विकेट गंवाती रहीं. हालांकि, आखिरी ओवरों में झूलन गोस्वामी ने 21 रन बनाकर मैच को अंतिम गेंद तक पहुंचाया. लेकिन टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 97 रन ही बना सकी. इस तरह पाकिस्तान ने महज़ 1 रन से इस सांस रोक देने वाले मैच में बाजी मार ली.

इसे भी पढ़े- टूर्नामेंट इतिहास के 10 सबसे सफल गेंदबाज, लिस्ट में इन भारतीय खिलाड़ियों का जलवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >