Womens T20 World Cup 2026: महिला क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ, ‘विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026’ की शुरुआत आज से होने जा रही है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बर्मिंघम में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. जो भारतीय समयानुसार रात 11:00 बजे शुरू होगा. क्रिकेट के रोमांच से पहले फैंस को एक शानदार ओपनिंग सेरेमनी देखने को मिलेगी. इस सेरेमनी में मशहूर ब्रिटिश एक्ट्रेस एमा किंग्सटन और एक्ट्रेस-सिंगर जिजी स्ट्रॉलेन अपनी परफॉर्मेंस से समां बांधेंगी.
सोफी एक्लेस्टन इंग्लैंड की सफल गेंदबाज
टी-20 इंटरनेशनल में डैनी व्याट हॉज इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. उन्होंने 180 मैचों में 129.03 के स्ट्राइक रेट से कुल 3,369 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 124 रन रहा है. वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो सोफी एक्लेस्टन इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं.
कप्तान चमारी अट्टापटू के भरोसे श्रीलंकाई टीम
श्रीलंकाई टीम काफी हद तक अपनी कप्तान चमारी अट्टापटू पर निर्भर है, और आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं. इस स्टार ऑलराउंडर ने टीम के लिए न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, बल्कि विकेट लेने के मामले में भी वह आगे रही हैं. अट्टापटू ने अब तक 157 टी-20 मैचों में 110.9 के स्ट्राइक रेट से श्रीलंका के लिए सबसे अधिक 3,752 रन बनाए हैं, जिसमें नाबाद 119 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है. इसके साथ ही, इतने ही मैचों में उन्होंने 6.66 की शानदार इकोनॉमी से 71 विकेट भी चटकाए हैं.
आंकड़ों में इंग्लिश टीम का पलड़ा भारी
अगर इतिहास पर नजर डालें, तो टी-20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड का पलड़ा श्रीलंका पर हमेशा भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 12 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 10 मैचों में इंग्लैंड ने बाजी मारी है, जबकि श्रीलंका केवल 2 मैच ही जीत सकी है. बात अगर सिर्फ टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास की करें, तो दोनों का सामना 2 बार हुआ है और दोनों ही बार इंग्लैंड ने एकतरफा जीत दर्ज की है. ऐसे में श्रीलंका के लिए इंग्लैंड की चुनौती को पार करना आसान नहीं होगा.
कहां देख सकते है लाइव मुकाबले
वर्ल्ड कप के सभी मैचों को भारत में स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है. ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए प्रशंसक ICC.TV पर भी लॉग इन कर सकते हैं.
दोनों टीमों की संभावित खिलाड़ी (11)
इंग्लैंड विमेंस- नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), एमी जोन्स, डैनी व्याट-हॉज, एलिस कैप्सी, हीदर नाइट, चार्लोट डीन (उपकप्तान), डेनियल गिब्सन, सोफी एक्लेस्टन, लॉरेन बेल, इसी वॉन्ग, लॉरेन फीलर.
श्रीलंका विमेंस- चमारी अट्टापटू (कप्तान), विश्मी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, हसिनी परेरा, नीलाक्षिका सिल्वा, कविशा दिलहारी, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंधिका कुमारी, काव्या कविंदी, इमेशा दुलानी, चेतना विमुक्ति.
इसे भी पढ़े- द्रविड़ परिवार से निकला एक और क्रिकेटर, अन्वय को भारत अंडर-19 टीम में मिली जगह; श्रीलंका दौरे के लिए स्क्वाड घोषित
