एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. सीनियर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह युवा लेग स्पिनर विप्रज निगम को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण की चोट के बाद निगम को टीम में जगह मिली है. PTI ने भी बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से इस बदलाव की पुष्टि की है.
ये भी पढ़ें: ICC T20 Rankings: अभिषेक शर्मा नंबर-2 पर पहुंचे, वरुण चक्रवर्ती ने टॉप-5 में बनाई जगह
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद चोट की शिकायत
वरुण चक्रवर्ती ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20 में भारत के लिए गेंदबाजी की थी. उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया.
मैच के बाद वरुण ने साइड में दर्द और परेशानी की शिकायत की. इसके बाद उनकी जांच और स्कैन कराया गया, जिसमें साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई. चोट के कारण वह आगे के T20 मुकाबलों के अलावा एशियन गेम्स 2026 में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे.
वरुण इससे पहले हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरकर भारतीय टीम में वापसी कर चुके थे. नई चोट के बाद उनके क्रिकेट से वापसी के समय को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
22 साल के विप्रज निगम को मिला बड़ा मौका
वरुण के जगह के तौर पर 22 वर्षीय विप्रज निगम को भारतीय एशियन गेम्स स्कवॉड में शामिल किया गया है. निगम IPL में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और अपनी लेग स्पिन के साथ निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की क्षमता के लिए भी जाने जाते हैं.
ये भी पढ़ें: Vaibhav Suryavanshi National Anthem: राष्ट्रगान के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने बच्चे के खींचे गाल, वीडियो वायरल
निगम ने IPL में अब तक 19 मुकाबले खेले हैं और 13 विकेट लिए हैं. उनकी बल्लेबाजी भी टीम के लिए उपयोगी हो सकती है. IPL में उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट लगभग 176 के आसपास रहा है.
कुलदीप यादव का नाम भी था विकल्पों में
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, वरुण चक्रवर्ती के रिप्लेसमेंट के लिए उपलब्ध विकल्पों में कुलदीप यादव और विप्रज निगम का नाम शामिल था. हालांकि कुलदीप को इसी महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में खेलना है. ऐसे में एशियन गेम्स के लिए विप्राज निगम को टीम में शामिल किया गया.
एशियन गेम्स में भारत के क्रिकेट अभियान पर नजर
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आईची-नागोया में होना है. क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर भारतीय टीम पर भी सबकी नजर रहेगी. वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने के बाद भारतीय टीम के स्पिन विभाग में एक अनुभवी विकल्प कम हो गया है. उनकी जगह विप्रज निगम को शामिल करने से टीम के पास युवा लेग स्पिन का विकल्प रहेगा.
