US Open 2026: टेनिस की दुनिया में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच को यूएस ओपन के पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा. अर्जेंटीना के 25 वर्षीय खिलाड़ी मारियानो नावोने ने पांच सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में जोकोविच को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. यह ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में जोकोविच की 2006 के बाद पहली हार है. आर्थर ऐश स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला चार घंटे 36 मिनट तक चला.
पहले सेट में नावोने ने चौंकाया
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. जोकोविच ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन नावोने ने वापसी करते हुए पहला सेट टाई-ब्रेक में अपने नाम कर लिया. अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने दबाव के बावजूद धैर्य बनाए रखा और 7-6 (5) से पहला सेट जीत लिया. इसके बाद जोकोविच ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जोरदार वापसी की. उन्होंने दूसरा सेट 5-7 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया. तीसरे सेट में भी सर्बियाई दिग्गज ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर खेल दिखाया और 6-4 से सेट जीतकर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली.
चौथे और पांचवें सेट में पलटा पूरा मैच
तीसरे सेट के बाद ऐसा लग रहा था कि जोकोविच मुकाबले को अपने नाम कर लेंगे, लेकिन नावोने ने हार नहीं मानी. चौथे सेट में उन्होंने जोकोविच पर लगातार दबाव बनाया और 6-2 से सेट जीतकर मुकाबला निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंचा दिया. पांचवें सेट में जोकोविच शारीरिक परेशानियों से जूझते नजर आए. नावोने ने इसका पूरा फायदा उठाया और लगातार अंक हासिल करते हुए निर्णायक सेट 6-1 से जीत लिया. इस तरह उन्होंने 4 घंटे 36 मिनट चले मुकाबले में जोकोविच को शिकस्त देकर दूसरे दौर में जगह बनाई.
ये भी पढ़ें: श्रीलंका दौरे के बाद BCCI ने खिलाड़ियों को बुलाया बेंगलुरु, जडेजा-पंत समेत इन खिलाड़ियों का हुआ फिटनेस टेस्ट
मैच के दौरान शारीरिक परेशानियों से जूझे जोकोविच
जोकोविच के लिए यह मुकाबला सिर्फ टेनिस के स्तर पर ही मुश्किल नहीं था. वह मैच के दौरान शारीरिक परेशानियों से भी जूझते नजर आए. उन्होंने कोर्ट पर उल्टी की और बाद में ऐंठन के साथ पीठ और कंधे की समस्या से भी परेशान रहे. चौथे सेट के बाद उन्हें चिकित्सकीय सहायता भी लेनी पड़ी. जोकोविच ने मैच के बाद बताया कि इस साल उन्हें कई मुकाबलों में ऐसी शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ा है. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि चौथे सेट के दौरान वह बढ़त में होने के बावजूद मैच को खत्म नहीं कर सके क्योंकि उनकी शारीरिक स्थिति लगातार खराब हो रही थी.
जोकोविच को अपना आदर्श मानते हैं नावोने
मारियानो नावोने के लिए यह जीत बेहद खास है. अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी ने जोकोविच को अपना आदर्श माना है और उनके खिलाफ जीत को अपने करियर का बेहद खास पल बताया. मैच के बाद नावोने ने कहा कि GOAT के खिलाफ पांच सेट खेलना और जीतना उनके लिए सपने जैसा है. उन्होंने जोकोविच के खिलाफ मिली इस जीत को अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया. 25 वर्षीय मारियानो नावोने के लिए 2026 का सीजन पहले ही यादगार रहा है. अप्रैल में उन्होंने बुखारेस्ट में अपना पहला ATP Tour खिताब जीता था. उन्होंने फाइनल में डेनियल मेरिडा को हराकर करियर का पहला टूर-स्तरीय खिताब अपने नाम किया था.
ये भी पढ़ें: Real Madrid ने नेपाल बाढ़ पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, मैच से पहले खिलाड़ियों ने बांधी काली पट्टी
