खिताबी जीत के बाद जश्न में डूबे टिम डेविड, सिगार पीते हुए वीडियो इंटरनेट पर हुआ वायरल

Tim David Cigar Video: आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. उनका एक वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है, जिसमें वह सिगार का कश लगाते दिख रहे हैं.

Tim David Cigar Video: आईपीएल 2026 में चैंपियन बनने के बाद आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. अंपायर नितिन मेनन पर आइस बैग फेंकने की वजह से एक मैच का प्रतिबंध झेल रहे डेविड का अब एक नया वीडियो इंटरनेट पर सनसनी मचा रहा है. वायरल क्लिप में डेविड को खिताबी जीत के जश्न के दौरान मैदान पर सिगार पीते हुए देखा जा सकता है. हालांकि, यह वीडियो पूरी तरह असली है या डीपफेक, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने क्रिकेट फैंस के बीच एक नई बहस छेड़ दी है.

टिम डेविड का सिगार वीडियो

आरसीबी की खिताबी जीत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. इस क्लिप में टिम डेविड को ऑन-फील्ड सेलिब्रेशन के दौरान सिगार पीते हुए देखा जा सकता है, जहाँ ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड भी उनके इस अंदाज पर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं. हालांकि अगर यह सही पाया गया तो डेविड पर बड़ी कार्रवाई तय है. आईपीएल के नियमों के मुताबिक खेल के मैदान या ड्रेसिंग रूम में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसी आईपीएल 2026 सीजन में रियान पराग को भी ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करने पर बोर्ड की तरफ से कड़ी चेतावनी दी गई थी. अंपायर विवाद के बाद टिम डेविड पर पहले ही एक मैच का बैन लग चुका है, ऐसे में यह नया वीडियो उनकी मुश्किलें और बढ़ा सकता है.

क्यों बार-बार नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं टिम डेविड

टिम डेविड का मैदान पर सिगार पीते हुए वायरल वीडियो इस समय इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि वीडियो की सत्यता की जांच होना अभी बाकी है, लेकिन आईपीएल 2026 में टिम डेविड का अनुशासनात्मक रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है. इसी सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान टिम डेविड ने मैदान पर उंगली दिखाई थी, जिसे आईपीएल आचार संहिता के तहत गंभीर अपराध माना गया था. उस वक्त बीसीसीआई ने उन पर कड़ा रुख अपनाते हुए 30 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया था और उनके खाते में 2 डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़े थे. इसके बाद भी डेविड ने सबक नहीं लिया और फाइनल मैच में अंपायर नितिन मेनन पर आइस बैग फेंक दिया, जिससे उन पर एक मैच का प्रतिबंध लग गया. अब सिगार पीने का यह नया वीडियो, मैदान पर खिलाड़ियों के व्यवहार और नियमों की शुचिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

आंकड़े दे रहे हैं गवाही

टिम डेविड ने इस सीजन आरसीबी के लिए फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई. उन्होंने 15 पारियों में 33.88 की शानदार औसत से 305 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 188.2 का रहा है. उनके बल्ले से इस सीजन एक अर्धशतक, 22 चौके और 23 गगनचुंबी छक्के निकले.

यह भी पढ़े- ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश टीम का ऐलान, 3 साल बाद मोसाद्देक हुसैन की वापसी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >