Tiger Woods DUI Case: अमेरिका के मशहूर गोल्फर टाइगर वुड्स को DUI केस में जेल नहीं जाना पड़ेगा. वुड्स ने बुधवार को कोर्ट में ‘नो कॉन्टेस्ट’ याचिका स्वीकार की. इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 5 साल के लिए ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने और 1,500 डॉलर का जुर्माना लगाने का फैसला सुनाया.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 27 मार्च 2026 का है. उस दिन फ्लोरिडा के जुपिटर आइलैंड में टाइगर वुड्स की कार एक ट्रेलर से टकरा गई थी. टक्कर के बाद उनकी SUV पलट गई थी. हालांकि, इस हादसे में वुड्स और दूसरी गाड़ी के ड्राइवर को चोट नहीं आई थी. शुरुआत में वुड्स पर नशे में गाड़ी चलाने (DUI) और जांच के लिए टेस्ट देने से इनकार करने के आरोप लगे थे. उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया था.
‘नो कॉन्टेस्ट’ का मतलब क्या है?
‘नो कॉन्टेस्ट’ का आसान मतलब है कि आरोपी न तो अपना जुर्म कबूल करता है और न ही कोर्ट में आरोपों से लड़ता है. हालांकि, इस तरह के मामले में कोर्ट इसे दोषी करार दिए जाने की तरह मान सकते हैं. इसी के तहत वुड्स को जेल की सजा से राहत मिली, लेकिन उन्हें जुर्माना और ड्राइविंग बैन झेलना होगा.
अधिकारियों ने क्या कहा?
मार्टिन काउंटी के स्टेट अटॉर्नी थॉमस बाकडेल ने कहा कि वुड्स जैसे मशहूर व्यक्ति को भी सड़क पर गाड़ी चलाते समय जिम्मेदारी दिखानी चाहिए. अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद वुड्स ने बताया था कि वह नशे के असर में थे और उनकी जेब में हाइड्रोकोडोन की दो गोलियां थीं. वुड्स ने बाद में सोशल मीडिया पर कहा था कि वह इलाज की मदद ले रहे हैं और उन्हें इस मामले की गंभीरता समझ में आ गई है.
पहले भी विवादों में रहे हैं वुड्स
टाइगर वुड्स का सड़क हादसों से पुराना नाता रहा है. 2021 में कैलिफोर्निया में उनकी कार पलट गई थी, जबकि 2017 में फ्लोरिडा में उन्हें DUI के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उस मामले के बाद उन्होंने इलाज भी कराया था. इस बार कोर्ट के फैसले के बाद वुड्स जेल जाने से बच गए हैं, लेकिन अगले पांच साल तक उनका ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड रहेगा.
ये भी पढ़ें: September 2026 Sports Calendar: सितंबर में एशियन गेम्स, फॉर्मूला-1, चेस चैंपियनशिप समेत होंगे ये बड़े टूर्नामेंट
