Suresh Raina Son Rio: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना के घर क्रिकेट को लेकर एक खास शुरुआत हुई है. रैना के बेटे रियो रैना ने क्रिकेट की दुनिया में अपना पहला कदम रख दिया है. बेटे को क्रिकेट की शुरुआत करते देख सुरेश रैना भी काफी उत्साहित हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक पोस्ट साझा की, जिसमें रियो क्रिकेट किट पहने नजर आ रहे हैं. इसके अलावा रियो एक बल्ला बनाने वाली फैक्ट्री में भी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने लिए बल्ले चुने. बेटे को क्रिकेट की ओर बढ़ते देखकर रैना के लिए यह पल बेहद खास है.
रैना ने शेयर किया खास संदेश
सुरेश रैना ने बेटे की तस्वीरों के साथ लिखा, 'Like father, like son! इसके आगे उन्होंने लिखा, 'और अब हमारी क्रिकेट यात्रा शुरू होती है. मैं एक बार फिर इस खेल की खुशी, उत्साह और मासूमियत को महसूस करने के लिए उत्सुक हूं, लेकिन इस बार तुम्हारी नजरों से. चलो साथ में कुछ खूबसूरत यादें बनाते हैं.'
322 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं सुरेश रैना
सुरेश रैना भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं. उन्होंने 2005 से 2018 के बीच भारत के लिए कुल 322 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया. वनडे क्रिकेट में रैना ने 226 मैचों की 219 पारियों में 5,615 रन बनाए. उनके नाम पांच शतक और 36 अर्धशतक दर्ज हैं. इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 116 रन रहा. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी रैना का रिकॉर्ड शानदार रहा. उन्होंने 78 मैचों में 1,605 रन बनाए और एक शतक भी लगाया. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन रहा.
ये भी पढ़ें: Rohit Sharma TV Debut: क्रिकेट के बाद टीवी पर दिखेगा ‘हिटमैन’ का नया अंदाज, इस शो से करेंगे डेब्यू
तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय
सुरेश रैना के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज है. वह तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे. टेस्ट क्रिकेट में रैना ने 18 मैचों की 31 पारियों में 768 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए. टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 120 रन रहा.
आईपीएल में भी छोड़ी खास छाप
इंडियन प्रीमियर लीग में सुरेश रैना लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे. उन्होंने 205 आईपीएल मैचों में 5,528 रन बनाए. इस दौरान उनके नाम एक शतक और 39 अर्धशतक दर्ज रहे. उनका स्ट्राइक रेट 136.76 रहा. रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई. सुरेश रैना ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था. उन्होंने यह घोषणा एमएस धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ ही देर बाद की थी.
ये भी पढ़ें: काउंटी क्रिकेट में मयंक अग्रवाल की हुई वापसी, डरहम के लिए खेलेंगे आखिरी चार मुकाबले
