शुभमन गिल की टीम के लिए श्रीलंका टेस्ट क्यों है जरूरी? आकाश चोपड़ा ने बताया पूरा गणित

Aakash Chopra Ind vs sl Test Series Analysis: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी अहम है. भारतीय टीम को टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों मैच में जीत जरूरी है. इस सीरीज से पहले पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम को चेतावनी दी है.

Aakash Chopra Ind vs Sl Test Series Analysis: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल की दौड़ में भारतीय टीम के लिए श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज बेहद अहम होने वाली है. 15 अगस्त से शुरू होने जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के पास अपनी स्थिति सुधारने का मौका होगा, लेकिन एक छोटी सी चूक उसकी फाइनल की राह को मुश्किल बना सकती है.

WTC में भारत किस स्थान पर है

भारतीय टीम इस समय WTC अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. भारत का जीत प्रतिशत 48.15 है, जबकि श्रीलंका 41.67 प्रतिशत के साथ छठे पायदान पर है. फाइनल में जगह बनाने के लिए शीर्ष दो टीमों को ही टिकट मिलेगा, ऐसे में हर सीरीज और हर जीत का महत्व बढ़ गया है. भारत ने मौजूदा WTC चक्र में अब तक 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उसे चार मुकाबलों में जीत मिली है, चार में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक टेस्ट ड्रॉ रहा है. टीम इंडिया को अभी 9 और टेस्ट मैच खेलने हैं और इन मुकाबलों का प्रदर्शन ही फाइनल की तस्वीर तय करेगा.

आकाश चोपड़ा ने टीम इंडिया को दी चेतावनी

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने श्रीलंका सीरीज से पहले भारतीय टीम को चेतावनी दी है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि

श्रीलंका के खिलाफ 2-0 की जीत भारत के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. आकाश चोपड़ा के मुताबिक, अगर शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम श्रीलंका को दोनों टेस्ट में हरा देती है तो भारत का जीत प्रतिशत बढ़कर करीब 57.58 हो जाएगा. इससे टीम की फाइनल की उम्मीदें काफी मजबूत होंगी. उन्होंने कहा कि अगर सीरीज 1-1 से बराबर रहती है तो भारत को खास फायदा नहीं मिलेगा. ऐसी स्थिति में भारत का जीत प्रतिशत लगभग 48.48 रहेगा और टीम पांचवें स्थान पर ही बनी रह सकती है. वहीं, अगर भारत श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप का शिकार हो जाता है तो स्थिति बेहद खराब हो जाएगी. भारत का जीत प्रतिशत करीब 39 तक गिर सकता है, जबकि श्रीलंका 61 प्रतिशत के आसपास पहुंचकर चौथे स्थान पर आ सकता है.

न्यूजीलैंड दौरा और ऑस्ट्रेलिया सीरीज होगी सबसे बड़ी चुनौती

आकाश चोपड़ा ने आगे बताया कि

श्रीलंका सीरीज के बाद भारत को नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड दौरे पर दो टेस्ट खेलने हैं. न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में वहां की टीम को हराना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में एक भी हार भारत के जीत प्रतिशत को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है. अगर भारत दोनों टेस्ट जीतता है तो उसे बड़ा फायदा मिलेगा, लेकिन एक जीत और एक ड्रॉ जैसी स्थिति भी फाइनल की रेस को मुश्किल बना सकती है. इसके बाद जनवरी 2027 से भारत को अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज खेलनी है. यह सीरीज WTC फाइनल की तस्वीर बदलने वाली साबित हो सकती है.

लेकिन संभव है फाइनल की उम्मीद

आकाश चोपड़ा ने कहा कि

अगर भारत अपने बाकी बचे सभी 9 टेस्ट मैच जीत लेता है तो उसका जीत प्रतिशत करीब 74.07 तक पहुंच सकता है, जो फाइनल में जगह बनाने के लिए पर्याप्त हो सकता है. उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर ऑस्ट्रेलिया को भी अपनी आगामी सीरीज में काफी नुकसान उठाना पड़ेगा. भारत की लगातार जीत उसे अंक तालिका में तेजी से ऊपर पहुंचा सकती है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि 9 में से 9 टेस्ट जीतना बेहद मुश्किल लक्ष्य है. अगर भारत अपने बाकी 9 मुकाबलों में से 8 भी जीत लेता है तो वह फाइनल की रेस में मजबूती से बना रहेगा.

ऑस्ट्रेलिया की राह भी आसान नहीं

आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया को लेकर भी बड़ा समीकरण बताया. ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 87.50 जीत प्रतिशत के साथ शीर्ष टीमों में शामिल है, लेकिन उसके अभी 14 टेस्ट बाकी हैं. ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो टेस्ट खेलने हैं, जहां उसके जीतने की संभावना मजबूत मानी जा रही है. इसके अलावा उसे दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट और घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट खेलने हैं. आकाश के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के लिए हर सीरीज में 100 प्रतिशत अंक हासिल करना आसान नहीं होगा. दक्षिण अफ्रीका जैसी परिस्थितियों में क्लीन स्वीप करना चुनौतीपूर्ण होगा और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उसे कड़ी टक्कर मिल सकती है. उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने 14 में से करीब 10 टेस्ट जीतने होंगे, जो आसान काम नहीं है.

भारत के लिए श्रीलंका सीरीज बनी 'करो या मरो' की शुरुआत

श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज भारत के लिए सिर्फ एक द्विपक्षीय मुकाबला नहीं, बल्कि WTC फाइनल की राह का अहम पड़ाव है. 2-0 की जीत जहां टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है, वहीं खराब प्रदर्शन उसकी मुश्किलें बढ़ा सकता है. अब सबकी नजरें शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम पर होंगी कि वह दबाव के इस दौर में कितना दम दिखा पाती है और क्या WTC फाइनल की दौड़ में अपनी उम्मीदों को जिंदा रख पाती है.

इसे भी पढ़े- टेस्ट क्रिकेट में खराब प्रदर्शन से घिरे कोच गौतम गंभीर, श्रीलंका दौरा तय करेगा भविष्य


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >