Ind vs Sl Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है. टेस्ट सीरीज में कप्तान शुभमन गिल समेत कई भारतीय खिलाड़ियों के पास कई रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा. गिल जहां बल्ले से नया रिकॉर्ड बना सकते हैं, वहीं रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव भी खास उपलब्धियों के करीब हैं.
सबसे ज्यादा शतक लगाने का मौका
शुभमन गिल के पास वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला बल्लेबाज बनने का मौका है. गिल के नाम अब तक पांच शतक हैं. श्रीलंका के खिलाफ एक शतक लगाते ही वह जो रूट को पीछे छोड़कर इस मामले में शीर्ष पर पहुंच जाएंगे. इसके अलावा गिल सीरीज में दो शतक लगाने में सफल रहे तो बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे. गिल ने कप्तान के रूप में अब तक छह शतक लगाए हैं, जबकि सचिन के नाम सात शतक हैं.
350 टेस्ट विकेट के करीब जडेजा
रविंद्र जडेजा के पास भी बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है. सीरीज में दो विकेट लेते ही उनके टेस्ट विकेटों की संख्या 350 हो जाएगी. वह ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बनेंगे. उनसे पहले अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह यह कारनामा कर चुके हैं. वहींं भारत-श्रीलंका टेस्ट मुकाबलों में जडेजा के नाम 33 विकेट हैं. चार विकेट लेते ही वह ईशांत शर्मा के 36 विकेट के आंकड़े को पीछे छोड़कर इस सूची में भारतीय गेंदबाजों के टॉप-5 में शामिल हो जाएंगे.
Also Read: वैभव सूर्यवंंशी की उम्र को लेकर क्या बोल गए ब्रेट ली, जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
250 एशियाई इंटरनेशनल विकेट के करीब कुलदीप
कुलदीप यादव एशियाई परिस्थितियों में 250 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं. उन्होंने अब तक एशिया में 141 पारियों में 249 विकेट लिए हैं. श्रीलंका के खिलाफ एक विकेट लेते ही वह इस खास क्लब में शामिल हो जाएंगे.
कप्तानी में बेदी से आगे निकल सकते हैं गिल
गिल की कप्तानी में भारत अगर श्रीलंका को 2-0 से हराता है, तो वह टेस्ट कप्तान के रूप में छह जीत के आंकड़े तक पहुंच जाएंगे और बिशन सिंह बेदी की छह जीत की बराबरी करेंगे. गिल ने अब तक नौ टेस्ट में कप्तानी करते हुए पांच जीत दर्ज की हैं.
