Shafali Verma Century: जापान में शतक लगाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं शेफाली, भारत ने बांग्लादेश को हराकर कटाया फाइनल का टिकट

शेफाली वर्मा के ऐतिहासिक शतक और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है. भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से करारी शिकस्त दी.

Asian Games 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है. बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में शेफाली वर्मा ने बल्ले से ऐसा प्रदर्शन किया कि कई रिकॉर्ड एक साथ टूट गए. शेफाली ने सिर्फ 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की पारी खेली और भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शेफाली की विस्फोटक पारी के दम पर निर्धारित ओवरों में 195/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मुकाबला 114 रन से गंवा बैठी.

शेफाली ने पहली बार जड़ा T20I शतक

शेफाली वर्मा ने अपने करियर का पहला T20I शतक लगाया. उन्होंने महज 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 9 छक्के और 3 चौके निकले. यह शतक शेफाली के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि यह उनका 118वां T20I मैच था. लंबे समय से आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचानी जाने वाली शेफाली ने इस बार अपनी पारी को शतक तक पहुंचाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

शेफाली एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट के इतिहास में शतक लगाने वाली पहली महिला बल्लेबाज भी बन गईं. इससे पहले इस प्रतियोगिता में किसी महिला बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका की चमारी अटापट्टू के नाम था, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 83 रन बनाए थे.

जापान में महिला T20I में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज

शेफाली का शतक जापान में महिला T20I क्रिकेट के इतिहास में भी खास रिकॉर्ड बन गया. वह जापान में महिला T20I में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बनीं. इससे पहले जापान के खिलाफ 2022 में हांगकांग की नताशा माइल्स ने नाबाद 86 रन बनाए थे, जो वहां महिला T20I में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था.

ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: सोनम मस्कर ने भारत को दिलाया पहला पदक, कोच ने बताए सफलता के अनसुने किस्से

9 छक्के जड़कर बनाया रिकॉर्ड

शेफाली ने अपनी पारी में कुल 9 छक्के लगाए. यह किसी भारतीय महिला बल्लेबाज द्वारा एक T20I पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. उन्होंने हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा. हरमनप्रीत ने 2018 महिला T20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पारी के दौरान 8 छक्के लगाए थे.

महिला T20I की एक पारी में 9 छक्के लगाने के मामले में शेफाली संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गईं. उनसे आगे ब्राजील की लॉरा अगाथा हैं, जिन्होंने 2024 में मेक्सिको के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे.

स्मृति और हरमनप्रीत ने भी दिया साथ

शेफाली को पारी की शुरुआत में स्मृति मंधाना का शानदार साथ मिला. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ कुछ ही ओवरों में 72 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई. स्मृति ने 37 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 रनों की उपयोगी पारी खेली. इन पारियों के साथ शेफाली की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत के स्कोर को 195 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

वहीं भारत ने इस मुकाबले में कुल 12 छक्के लगाए, जो महिला T20I की एक पारी में किसी टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ और ब्राजील ने 2024 में मेक्सिको के खिलाफ 11-11 छक्के लगाए थे.

अब फाइनल पर भारत की नजर

बांग्लादेश के खिलाफ 114 रन की जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में टीम इंडिया की टक्कर श्रीलंका टीम से होगी. मुकाबला 22 सितंबर को सुबह 10:30 से खेला जाएगा.

ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार युवा पत्रकार हैं, जिन्हें खेल और खासकर क्रिकेट की दुनिया को करीब से समझने और उसकी अनकही कहानियों को पाठकों तक पहुंचाने का जुनून है. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में काम किया है.

वर्तमान में वह स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के लेखन, संपादन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी संभालते हैं. क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि आंकड़ों, रोमांच, संघर्ष और भावनाओं से जुड़ी कहानियों की दुनिया है. खिलाड़ियों के प्रदर्शन से लेकर मैदान के पीछे की दिलचस्प घटनाओं तक, वह हर कहानी को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में पेश करने की कोशिश करते हैं.

उनका मानना है कि एक अच्छी स्पोर्ट्स स्टोरी सिर्फ खबर नहीं बताती, बल्कि पाठक को उस पल का हिस्सा महसूस कराती है. यही सोच उनके लेखन की पहचान है और यही वजह है कि उनके आर्टिकल्स में खबर के साथ कहानी, संदर्भ और क्रिकेट का जुनून भी नजर आता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >