Ravindra Jadeja: नए अकाउंट से इंस्टाग्राम पर लौटे जडेजा, प्रोफाइल फोटो में माही तो पहली पोस्ट में दिखा राजस्थान रॉयल्स कनेक्शन

भारतीय क्रिकेट स्टार रवींद्र जडेजा ने अपना नया इंस्टाग्राम अकाउंट @theroyaljadeja8 लॉन्च किया है. उनके नए प्रोफाइल की खास बात यह है कि पहला पोस्ट राजस्थान रॉयल्स के साथ है, जो उनके 2008 आईपीएल करियर की शुरुआत को दर्शाता है.

Ravindra Jadeja New Instagram Account: भारतीय क्रिकेट के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने सोशल मीडिया पर वापसी कर ली है. पुराने इंस्टाग्राम अकाउंट के बंद होने के बाद जडेजा ने नया आधिकारिक प्रोफाइल बनाया है, जिसका हैंडल @theroyaljadeja8 है. खास बात यह है कि नए अकाउंट से उनकी पहली पोस्ट राजस्थान रॉयल्स के साथ है, जिससे उनके आईपीएल करियर की शुरुआत की यादें भी जुड़ती हैं. हालांकि यह नया इंस्टाग्राम हैंडल उनका ही है, इसको लेकर अभी तक जडेजा की सोशल मीडिया टीम की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

राजस्थान रॉयल्स के साथ शुरू हुआ सफर

रवींद्र जडेजा के नए इंस्टाग्राम अकाउंट की पहली पोस्ट राजस्थान रॉयल्स के साथ है. इस पोस्ट के जरिए जडेजा ने सोशल मीडिया पर अपनी वापसी का ऐलान किया है. दिलचस्प बात यह है कि जडेजा ने आईपीएल डेब्यू भी राजस्थान रॉयल्स की टीम से किया था. वहीं नए प्रोफाइल की तस्वीर भी काफी खास है, क्योंकि इसमें वह एमएस धोनी के साथ नजर आ रहे हैं. यह वही तस्वीर है, जिसमें जडेजा आईपीएल 2023 का खिताब जीतने के बाद धोनी के साथ जश्न मनाते दिखाई दिए थे. इस तस्वीर का जडेजा के नए अकाउंट की प्रोफाइल फोटो बनना फैंस के लिए भी खास है.

2025 में बंद हुआ था पुराना अकाउंट

जडेजा का पुराना इंस्टाग्राम अकाउंट 'royalnavghan' नवंबर 2025 में डीएक्टिवेट हो गया था. इसके बाद उनके सोशल मीडिया पर लौटने को लेकर फैंस के बीच लगातार चर्चा रही. उस समय जडेजा के आईपीएल भविष्य को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आई थीं. अब नए इंस्टाग्राम अकाउंट के साथ उनकी वापसी ने एक बार फिर उनके आईपीएल करियर को लेकर चर्चा तेज कर दी है.

राजस्थान से शुरू हुआ सफर, फिर CSK के बड़े स्टार बने

रवींद्र जडेजा का आईपीएल करियर राजस्थान रॉयल्स से शुरू हुआ था. साल 2008 में वह महज 19 साल की उम्र में राजस्थान की टीम का हिस्सा बने थे. इसी सीजन राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल का पहला खिताब अपने नाम किया था. इसके बाद जडेजा कई टीमों का हिस्सा बने और 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े.

सीएसके के साथ उनका करियर बेहद शानदार रहा और वह टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर्स में शामिल हो गए. जडेजा सीएसके के साथ पांच बार आईपीएल चैंपियन भी बने. 2022 में उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन सीजन के बीच में उन्होंने कप्तानी छोड़ दी और एमएस धोनी ने दोबारा टीम की कमान संभाली.

ये भी पढ़ें: Duleep Trophy Final: केएल राहुल, पडिक्कल और सिराज की वापसी, श्रीलंका सीरीज के बाद इस टीम से खेलेंगे

IPL 2023 फाइनल का आखिरी ओवर आज भी यादगार

जडेजा के आईपीएल करियर का सबसे यादगार पल 2023 का फाइनल माना जाता है. गुजरात टाइटंस के खिलाफ बारिश से प्रभावित फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे. जडेजा ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और फिर अंतिम गेंद पर चौका जड़कर सीएसके को रोमांचक जीत दिला दी. इसके साथ ही चेन्नई ने पांचवां आईपीएल खिताब अपने नाम किया. इसी जीत के बाद जडेजा ने एमएस धोनी के साथ मैदान पर जश्न मनाया था. अब उसी पल की तस्वीर उनके नए इंस्टाग्राम अकाउंट की प्रोफाइल फोटो में है.

IPL में जडेजा का शानदार रिकॉर्ड

रवींद्र जडेजा आईपीएल के सबसे सफल ऑलराउंडर्स में शामिल हैं. उन्होंने अब तक आईपीएल में 268 मैचों में 3,526 रन बनाए हैं और 180 विकेट अपने नाम किए हैं. सीएसके के लिए खेलते हुए जडेजा ने 150 से ज्यादा विकेट लिए हैं. इस टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वह शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: BCCI की अहम बैठक में क्यों नहीं पहुंचे अजित अगरकर? सचिव देवजीत सैकिया ने बताई वजह

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >