PM Modi congratulates Mirabai Chanu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को बधाई दी है. महिलाओं के 49 किलोग्राम भारवर्ग में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड जीतने पर पीएम मोदी ने उनकी जमकर सराहना की और उन्हें देश की प्रेरणा बताया.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारतीय वेटलिफ्टिंग के इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है. उन्होंने कहा कि मीराबाई चानू ने एक बार फिर कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है.
'हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं मीराबाई'- पीएम मोदी
प्रतिभाशाली मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है. लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड और कुल चौथे कॉमनवेल्थ पदक के साथ उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं. उन्हें हार्दिक बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं.
कॉमनवेल्थ गेम्स में चौथा पदक
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्नैच में नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 190 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया. यह कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके करियर का चौथा पदक है.
भारत को दिलाया पहला गोल्ड
मीराबाई चानू की इस जीत के साथ ही भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदकों का खाता खुल गया. उनके रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन ने भारत के अभियान को शानदार शुरुआत दिलाई और एक बार फिर बड़े मंच पर उनकी बादशाहत साबित कर दी.
