कोच्चि : एटलेटिको डि कोलकाता आज यहां केरला ब्लास्टर्स को पेनल्टी शूटआउट में 4 – 3 से शिकस्त देकर तीन साल में दूसरी बार इंडियन सुपर लीग चैम्पियन बना. दोनों टीमें निर्धारित समय तब 1 – 1 से बराबरी पर थी, अतिरिक्त समय के बाद भी दोनों में से कोई गोल नहीं कर सका. जिससे 120 मिनट के बाद यह मुकाबला शूटआउट में चला गया.
केरल के लिये निर्धारित समय में मोहम्मद रफीक ने जबकि कोलकाता के लिये हेनरिक सरनो ने गोल किया था. एटीके के सह मालिक सौरव गांगुली संजीव गोयंका के साथ काफी खुश थे जिनकी फ्रेंचाइजी ने साथी खिलाडी सचिन तेंदुलकर की टीम को शिकस्त दी. भारतीय अंतरराष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी जेवेल राजा ने जब पांचवीं पेनल्टी पर गोल किया तो 55,000 दर्शकों की क्षमता वाले नेहरु स्टेडियम में चुप्पी छा गयी.
2014 के फाइनल में भी एटलेटिको डि कोलकाता ने केरला ब्लास्टर्स को मुंबई में 1 – 0 से शिकस्त दी थी. यह इंडियन सुपर लीग के तीन चरणों में पहला पेनल्टी शूटआउट था. जेवेल राजा के अलावा शूटआउट में समीघ दौते, बार्जो फर्नांडिज और जेवियर लारा ने गोल किये जबकि इयेन हुमे का शाट केरल के गोलकीपर ग्राहम स्टैक ने रोक दिया.
केरल की टीम ने आज के मैच से पहले लगातार छह जीत दर्ज की थी, उसके लिये अंटोनियो जर्मन, केरवेंस बेलफोर्ट और मोहम्मद रफीक ने गोल किये जबकि इल्हादजी एनडोए और सेड्रिक हेंगबार्ट लक्ष्य से चूक गये. एटलेटिको डि कोलकाता के टूर्नामेंट के दूसरे सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हुमे आज मैच के ज्यादातर हिस्से में शांत ही दिखे क्योंकि केरला के डिफेंडरों ने उन्हें कोई मौका नहीं लेने दिया.
मेहमान टीम के मार्की खिलाड़ी हेल्डर पोस्टिगा फार्म में नहीं लग रहे थे, 68वें मिनट में उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को लाया गया. केरल के फारवर्ड सीके विनीत और डकेन्स नाजोन भी प्रभावित नहीं कर सके जबकि वे फाइनल से घरेलू स्थल पर पहले शीर्ष फार्म में थे जहां घरेलू दर्शक उन्हें चीयर करने आते थे. दोनों टीमों की शुरुआती एकादश में कोई बदलाव नहीं किया.
