नयी दिल्ली : रियो ओलंपिक में खिलाडियों के खराब प्रदर्शन पर टिप्पणी कर आलोचना की शिकार हुई लेखिका शोभा डे ने एक और विवाद मोल ले लिया है. इस बार उन्होंने क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले भारत रत्न सचिन तेंदुलकर पर निशाना साधा है. डे ने रियो ओलंपिक में पदक विजेता खिलाडियों को दिये गये BMW कार पर ही सवाल उठा दिया है.
शोभा डे ने सोशल मीडिया में सवाल उठाया है कि क्या पदक विजेता खिलाडियों को जो BMW कार सचिन की ओर से गिफ्ट की गयी है उसका पैसा वो खुद उठाएंगे. डे ने ट्वीट किया और लिखा, यह छोटा कष्टदायी मगर जायज सवाल है कि क्या सचिन तेंदुलकर ने खिलाडियों को दिए BMW कार का पैसा खुद चुकाया. इसके अलावा उन्होंने एक और ट्वीट किया, लिखा ग्रट एड फॉर BMW. इन महंगी कारों को चलाने के लिए कौन भुगतान करेंगे. कहीं ऐसा न हो कि भारतीय एथलिटों के लिए यह सफेद हाथी न बनकर रह जाए. ज्ञात हो रियो ओलंपिक में पदक जीतने वाली महिला खिलाडियों को सचिन तेंदुलकर ने BMW कार उपहार स्वरूप दिया.
