नयी दिल्ली : पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनूप श्रीधर दो जनवरी से शुरु हो रही प्रीमियर बैडमिंटन लीग में लखनऊ की टीम अवध वारियर्स के कोच होंगे. थामस कप 2007 टीम के कप्तान रहे श्रीधर लखनऊ टीम की कोचिंग को लेकर काफी उत्साहित हैं जिसमें दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी साइना नेहवाल भी है.
श्रीधर ने कहा ,‘‘ मैं अवध वारियर्स का हिस्सा बनकर काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. साइना नेहवाल और अन्य खिलाडियों को कोचिंग देने का मुझे इंतजार है.” उन्होंने कहा ,‘‘ बतौर कोच यह मेरा पहला टूर्नामेंट होगा और मैं काफी रोमांचित हूं. एक अंतरराष्ट्रीय कोच के रुप में खुद को साबित करने के लिये यह सुनहरा मंच होगा.’
राष्ट्रमंडल खेल 2006 में मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य जीतने वाले श्रीधर 2013 में इंडियन बैडमिंटन लीग में पुणे पिस्टंस के लिये खेले थे. इस मौके पर अवध वारियर्स के निदेशक अभिजीत सरकार ने कहा ,‘‘ अनूप एक बेहतरीन खिलाड़ी रहा है. उसे कोच के रुप में नियुक्त करने का फैसला आसान था क्योंकि हमें उसकी तरह बहुमुखी प्रतिभा का धनी कोच चाहिये था. उम्मीद है कि उसका अनुभव काफी काम आयेगा.”
