दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स का एक बार फिर अपनी महिला पार्टनर से अलगाव हो गया है. खैरियत है कि इस बार उनका अलगाव वैसे कारणों से नहीं हुआ है, जिस तरह का उनका अलगाव 2010 में उनकी पत्नी एलन नूरदेग्रेन से हुआ था. नूरदेग्रेन ने टाइगर वुड्स के कई महिलाओं से रिश्ते रहने व उसका खुलासा होने के बाद तलाक ले लिया था, जबकि लिंडसे वान ने टाइगर वुड्स से अलगाव की वजह खुद की व वुड्स की व्यस्तता को बताया है और साथ बिताये गये पलों को यादगार कहा है. हालांकि मीडिया में यह भी खबरें हैं कि लिंडसे वान को पिछले वर्ष किसी अन्य पुरुष के साथ देखा गया था.
यह भी कम दिलचस्प नहीं है कि टाइगर वुड्स और लिंडसे वान ने अपने संबंधों का एलान भी सोशल मीडिया पर किया था और अब उन्होंने अपने अलगाव का खुलासा भी सोशल मीडिया व वेबसाइट के माध्यम से ही की है. लिंडसे ने फेसबुक पर लिखा कि टाइगर वुड्स के साथ बिताये गये पल हमेशा याद रहेंगे. अपने व्यस्त शेड्यूल के कारण हम दोनों एक दूसरे को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे. मैं उनकी प्रशंसक रही हूं और उनका सम्मान करता हूं. वहीं, टाइगर वुड्स ने अपनी वेबसाइट पर अपना पक्ष रखा. वुड्स ने लिखा : मैं और लिंडसे ने अपनी सहमति से अपने संबंध को समाप्त करने का निर्णय लिया है. मेरे मन में उनके प्रति गहरा सम्मान व प्यार है. उनका मेरे बच्चों व पूरे परिवार को साथ व्यवहार शानदार था. हम दोनों खेल में सक्रिय हैं और काफी व्यस्त हैं, इसलिए एक साथ समय नहीं गुजार पा रहे हैं, ऐसे में हमने अपने संबंधों को विराम देने का निर्णय लिया है.
लिंडसे वान का अतीत और टाइगर से संपर्क
लिंडसे वान स्की रेसर है और ओलिंपिक चैंपियन रही हैं. अमेरिकी वर्ल्ड कप विजेता टीम की सदस्य रही वान को लांरेंस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड मिला है. लिंडसे ने सितंबर 2007 में थॉमस वान से शादी की थी. जनवरी 2013 में इस दंपती का तलाक हो गया, हालांकि यह प्रक्रिया पहले से चल रही है. टाइगर वुड्स व लिंडसे के बीच रिश्ते वुड्स के तलाक के बाद व लिंडसे की तलाक की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान स्थापित हो चुके थे.
टाइगर वुड्स और एलन नूरदेग्रेन के रिश्ते व दरार
टाइगर वुड्स ने 2005 में एलन नूरदेग्रेन से विवाह किया था. नूरदेग्रेन स्वीडन की रहने वाली हैं और इनसे वुड्स का संपर्क एक स्वीडीश गोल्फर के माध्यम से ही हुआ. एलन स्वीडन की एक राजनेता मां की बेटी हैं, जो वहां की सरकार में मंत्री भी रही हैं. जबकि पिता रेडिया पत्रकार थे. बाद में कैरियर के शुरुआती दिनों में एलन स्टॉकहोम के एक क्लॉथ स्टोर में काम करने लगीं. इसी दौरान उनकी भेंट स्वीडिश गोल्फर जेसपर परनेविक व उनकी पत्नी से हुआ. बाद में एलन इस दंपती के बच्चों की देखरेख के काम से जुड गयीं और जेसपर के माध्यम से ही टाइगर वुड्स से उनकी जान पहचान हुई. कुछ साल बाद दोनों विवाह बंधन में बंध गये. जब वुड्स ने एलन से विवाह किया था, तो उसकी भव्यता की चर्चा दुनिया भर में हुई थी. दो मिलियन डॉलर खर्च कर वुड्स ने एक सप्ताह के लिए विशाल सेंडी लेन रिसार्ट बुक कराया था. बाद में वुड्स के रिश्तों के कारण दोनों में तलाक हो गया. इस तलाक में वुड्स से एलन को 100 मिलियन डॉलर मिला, जिसमें से 12 मिलियन डॉलर में उन्होंने फ्लोरिडा में अपने लिए एक आलीशान घर खरीदा.
