नयी दिल्ली: मिशन चंद्रयान2 महज दो किमी की दूरी से चूक गया. आखिरी समय में इसरो के नियंत्रण कक्ष से विक्रम लैंडर का संपर्क टूट गया जिसके बाद वैज्ञानिकों में निराशा छा गयी. पीएम सहित तमाम देशवासियों ने वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया. इस बीच खेल के मैदान में भारत का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों ने भी इसरो और मिशन चंद्रयान के लिए सालों से प्रयासरत वैज्ञानिकों को बधाई दी और उनका हौंसला बढ़ाया. आइए जानते हैं कि किसने क्या कहा….
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि विज्ञान में असफलता जैसा कुछ नहीं है, हम प्रयोग करते हैं और हमें लाभ होता है. कोहली ने कहा कि इसरो के उन वैज्ञानिकों के लिए हमारे दिल में बहुत सम्मान है जिन्होंने दिन-रात लगातार काम किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्र को आप पर गर्व है.
भारतीय टीम में शामिल युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा कि इसमें असफलता जैसी कोई बात नहीं है. ये एक वैज्ञानिक प्रक्रिया थी जिसमें ऊतार-चढ़ाव आते हैं. उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों को कहा कि हमें आप पर गर्व है. पंत ने कहा कि हम देशा की सेवा करने में आपकी कड़ी मेहनत और समर्पण को सलाम करते हैं.
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने कहा कि हमें आपकी कड़ी मेहनत और आपकी टीम पर गर्व है. उन्होंने वैज्ञानिकों के लिए लिखा कि, आप हारे नहीं हैं बल्कि आपने हमें आगे बढ़ाया है. सपनों को जिंदा रखने का समय है.
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा कि भारत को अपने इसरो के वैज्ञानिकों पर गर्व है जिन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान में हमें अग्रणी बनाया है. शास्त्री ने कहा कि, चंद्रयान2 लाखों भारतीय बच्चों को प्रेरित करेगा.
हरभजन सिंह ने कहा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती. उन्होंने कहा कि हमें इसरो और इसके वैज्ञानिकों पर गर्व है. हिन्दुस्तान जिंदाबाद.
ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें पीएम मोदी इसरो चीफ के सीवन को सांत्वना देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा कि, यह दृश्य देखकर लग रहा है. यही हिन्दुस्तान की असली जीत है, जहां देश के प्रधानमंत्री इसरो के चीफ़ को हौसला दे रहे हैं. धन्यवाद प्रधानमंत्री जी तरह इस समय वैज्ञानिकों के साथ एक पिता की तरह खड़े होने के लिए. हमें गर्व है अपने वैज्ञानिकों पर और यकीन है की अगले प्रयास में सफलता ज़रूर मिलेगी.
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने भी ट्वीट कर वैज्ञानिकों की हौसला-अफजाई की. साइना ने प्राउड ऑफ इसरो हैशटेग के साथ इसरो को टैग करते हुए लिखा कि हमें आप पर बहुत गर्व है.
