क्रिकेट प्रशंसक आइपीएल-2019 के शुरुआती मुकाबले में इससे बेहतर भिड़ंत की उम्मीद नहीं कर सकते थे. दोनों टीमों में एमएस धौनी और विराट कोहली के रूप में दो सुपरस्टार हैं. ऐसे में किसी को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु दो मजबूत टीमें हैं और इससे एक रोमांचक मुकाबले की गारंटी तो मिल ही जाती है.
पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए कहा जा सकता है कि घरेलू टीम लाभ की स्थिति में होगी, लेकिन इस प्रारूप में कुछ भी कहना जल्दबाजी ही होती है. एक अच्छा प्रदर्शन मैच का रुख पूरी तरह मोड़ सकता है.
चेन्नई की टीम में तीन अच्छे स्पिनर हैं और मुझे उम्मीद है कि चेपक की पिच धीमे गेंदबाजों की मददगार होगी. और यही वह क्षेत्र है, जहां गत चैंपियन चेन्नई की टीम बेहद ख��रनाक हो जाती है.
उनके पास स्पिन को अच्छी तरह खेलने वाले बल्लेबाज हैं, जो मैच के हालात के हिसाब से खेलना जानते हैं. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम निश्चित रूप से लाभ की स्थिति में रहेगी. आखिरकार मुख्य मुद्दा यही रहेगा कि ऑलराउंडर दोनों टीमों के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं. हालात को भांपना भी बेहद अहम रहेगा.
यहां तक कि घरेलू कप्तान को भी पिच को समझने के लिए एक-दो मैच लगेंगे. लीग का यह सीजन बेहद खुला है. सभी आठ टीमों के पास मजबूत लाइनअप है. ऐसे में शीर्ष चार चुनना टीमों के लिए मशक्कत वाला काम होगा. हालांकि अगले सात हफ्ते मनोरंजन की पूरी गारंटी है, जैसा कि आइपीएल हमेशा करता है. वक्त आराम से बैठकर इसका लुत्फ उठाने का है. सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं.
